अपडेटेड 22 June 2024 at 13:59 IST
Shaniwar Vrat: करने जा रहे हैं शनिवार का व्रत, जानिए कब से शुरू करना है सही और नियम
Shaniwar Ka Vrat: अगर आप शनिवार के दिन भगवान शनि के नाम का व्रत करना चाहते हैं तो आपको जान लेना चाहिए कि इस व्रत की शुरुआत कब से करनी चाहिए।
- धर्म और अध्यात्म
- 3 min read

Shaniwar Ka Vrat: हिंदू धर्म में सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित किया गया है। जिसके अनुसार शनिवार के दिन भगवान शनिदेव की पूजा की जाती है। शास्त्रों में शनिदेव को न्याय का देवता कहा गया है। माना जाता है कि शनिदेव व्यक्ति के कर्मों के हिसाब से उसे फल या सजा देते हैं।
वहीं, अगर कोई व्यक्ति श्रद्धाभाव से शनिवार के दिन शनिदेव की पूजा और व्रत करता है तो भगवान उस पर अपनी कृपा हमेशा बनाए रखते हैं। हालांकि शनि भक्तों में हमेशा इस बात को लेकर कंफ्यूजन रहती है कि शनिवार का व्रत कब से शुरू करना चाहिए। आइए हम यहां आपको बताते हैं कि शनिदेव की कृपा पाने के लिए आप कब से शनिवार का व्रत करना शुरू कर सकते हैं।
कब से शुरू करना चाहिए शनिवार का व्रत?
वैसे तो किसी भी दिन का व्रत, शुक्ल पक्ष में शुरू करना शुभ माना जाता है। ऐसे में आप शनिवार का व्रत शुक्ल पक्ष के प्रथम शनिवार से प्रारम्भ कर सकते हैं। हालांकि आपको इस व्रत को शुरू करने से पहले किसी विद्वान से घात मास का विचार और जन्म राशि से गोचरीय चन्द्रमा की शुद्धि जरूर देखनी चाहिए, ऐसा इसलिए क्योंकि इस व्रत को निर्दोष और शुभ मुहूर्त में ही शुरू करना सही माना जाता है। इसके अलावा आप शनिवार के व्रत की शुरुआत शनि प्रदोष से भी कर सकते हैं।
शनिवार व्रत के नियम (Shaniwar Vrat Ke Niyam)
- जैसा कि शनिदेव व्यक्ति के कर्मों के अनुसार उसे फल या सजा देते हैं, इसलिए शनिवार के व्रत में भूलकर भी किसी का अपमान नहीं करना चाहिए और न ही किसी को बुरा बोलना चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं तो शनिदेव आप से नाराज हो सकते हैं।
- शनिवार के व्रत में अन्न का सेवन नहीं करना चाहिए। इस दिन आपको फलाहार व्रत ही करना चाहिए।
- शनिवार के दिन व्रत करने वाले साधक और परिवार के अन्य सदस्यों को तामसिक भोजन का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए। इससे आपको शनिदेव की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है।
- शनिवार के व्रत में शनिदेव को धूप, फूल, फल और काले तिल आदि अर्पित जरूर करें। इससे आप पर भगवान का आशीर्वाद बना रहेगा।
- शनिवार के व्रत में काले कुत्ते की सेवा जरूर करें। आप उन्हें खाना खिला सकते हैं। इससे शनिदेव प्रसन्न होंगे।
- शनिवार के व्रत के पारण में खिचड़ी और काली उड़द की दाल का सेवन करें। तभी आपका व्रत पूरी तरह से सफल माना जाएगा।
- शनिदेव की पूजा के दौरान उनके मंत्रों का जाप करें और आरती पढ़ें।
- शनिवार के दिन धन और लोहे की वस्तु आदि चीजों का दान जरूर करना चाहिए। हालांकि आप अपनी श्रद्धा के अनुसार इन चीजों का दान कर सकते हैं। इससे शनिदेव जल्दी प्रसन्न होते हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 22 June 2024 at 10:19 IST