Kedarnath Yatra 2026: कल सुबह 08 बजे खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट, CM धामी की मौजूदगी में शुरू होगी चारधाम यात्रा

Kedarnath Yatra 2026: आस्था और अटूट विश्वास के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल, 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोल दिए जाएंगे। इस पावन बेला के साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का विधिवत शंखनाद हो जाएगा।

Kedarnath Yatra 2026
Kedarnath Yatra 2026 | Image: Republic

Kedarnath Yatra 2026: देवभूमि उत्तराखंड की पावन वादियों में एक बार फिर 'बम-बम भोले' के जयघोष गूंजने वाले हैं। आस्था के शिखर और 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक, भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल यानी 22 अप्रैल 2026 को सुबह 08:00 बजे पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस भव्य उद्घाटन के साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का आधिकारिक शंखनाद हो जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी होंगे साक्षी

इस अलौकिक और पावन अवसर की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। परंपरा के अनुसार, मुख्यमंत्री बाबा केदार की प्रथम पूजा और विशेष अनुष्ठानों में सम्मिलित होंगे। प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों ने मुख्यमंत्री के आगमन और कपाट खुलने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि

जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने इस बार यात्रा को सुगम और 'स्मार्ट' बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। धाम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सेहत का ध्यान रखते हुए पैदल मार्ग पर प्रत्येक 2 किलोमीटर पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) स्थापित किए गए हैं।पैदल रास्ते पर आधुनिक शौचालय, स्वच्छ पेयजल और ठहरने के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए यात्रियों के लिए गर्म पानी की विशेष सुविधा भी उपलब्ध है। पूरे धाम और यात्रा मार्ग को सोलर लाइटों से रोशन किया गया है। साथ ही स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

भक्तों का उत्साह और डोली का आगमन 

कपाट खुलने से ठीक एक दिन पहले आज बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली अपने धाम पहुंच रही है। डोली के स्वागत के लिए पूरा केदारनाथ क्षेत्र फूलों से महक रहा है और भक्तों का उत्साह चरम पर है। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की है। राजस्थान से आए शेर सिंह और देहरादून के ध्रुव ने कहा कि इस बार प्रशासन का प्रबंधन और स्वच्छता पिछले वर्षों के मुकाबले और भी बेहतर दिख रही है। पौड़ी से पहुंचीं सोनाली नेगी और चमोली के नरेंद्र बिष्ट ने भी यात्रा मार्ग पर दी जा रही सुविधाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। वहीं एक श्रद्धालु ने कहा कि बाबा के दर पर पहुंचना हर भक्त का सपना होता है। इस बार की व्यवस्थाएं और सुरक्षा प्रबंध देखकर मन प्रसन्न है। अब बस सुबह के उस मंगल क्षण का इंतजार है जब बाबा के दर्शन होंगे।

Advertisement

ये भी पढ़ें - Lakshmi Narayan Yog 2026: मई में बनने जा रहा है लक्ष्मी नारायण योग, मेष समेत इन 4 राशियों का बदलेगा भाग्य; अच्छे दिन होंगे शुरू

Published By :
Aarya Pandey
पब्लिश्ड