Karwa Chauth 2026: करवा चौथ पर भद्रा का साया? नोट करें सही डेट, पूजा मुहूर्त और चंद्रोदय का समय
करवा चौथ का व्रत अखंड सौभाग्यशाली माना जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी जीवन के लिए पूजा-अर्चना करती हैं। अब ऐसे में इस साल करवा चौथ का व्रत कब रखा जाएगा और पूजा का शुभ मुहूर्त, चांद निकलने का समय क्या है? आइए जानते हैं।
- धर्म और अध्यात्म
- 3 min read

हिन्दू धर्म में करवा चौथ के व्रत का विशेष और पवित्र महत्व है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। यह पर्व अखंड सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस वर्ष करवा चौथ के व्रत की तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त और चंद्रोदय के समय को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है। आइए जानते हैं इस पावन पर्व से जुड़ी सभी जरूरी बातें।
कब है करवा चौथ 2026?
हिन्दू पंचांग के अनुसार, करवा चौथ का व्रत हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। साल 2026 में करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, गुरुवार को रखा जाएगा।
पंचांग के मुताबिक, चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर को रात 1 बजकर 6 मिनट से शुरू होगी और उसी दिन रात 10 बजकर 9 मिनट पर समाप्त होगी। इस दिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर चंद्रोदय तक बिना अन्न और जल के कठोर व्रत का पालन करती हैं।
क्या करवा चौथ पर रहेगा भद्रा का साया?
हर साल किसी भी बड़े त्योहार पर भद्रा को लेकर असमंजस रहता है, लेकिन इस बार राहत की खबर है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, भद्रा 28 अक्टूबर की सुबह 5 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 29 अक्टूबर की सुबह 4 बजकर 27 मिनट तक ही रहेगी। इसका मतलब यह है कि करवा चौथ के दिन सूर्योदय से पहले ही भद्रा समाप्त हो जाएगी। इसलिए शाम के समय होने वाली पूजा में भद्रा का कोई साया नहीं रहेगा। महिलाएं बिना किसी बाधा के निश्चिंत होकर शुभ मुहूर्त में पूजा-पाठ कर सकेंगी।
करवा चौथ पूजा का शुभ मुहूर्त
करवा चौथ पर शाम के समय पूजा करने की परंपरा है। इस दौरान माता पार्वती, भगवान शिव, भगवान गणेश और करवा माता की विधि-विधान से पूजा की जाती है और व्रत कथा सुनी जाती है। करवा चौथ पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 38 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 56 मिनट तक रहेगा। पूजा की कुल अवधि लगभग 1 घंटा 18 मिनट की होगी। हालांकि, विभिन्न शहरों में स्थानीय सूर्योदय और पंचांग के अनुसार समय में थोड़ा अंतर हो सकता है।
Advertisement
प्रमुख शहरों में चंद्रोदय का समय
करवा चौथ का व्रत चंद्रमा के दर्शन और उन्हें अर्घ्य देने के बाद ही संपन्न होता है। अलग-अलग शहरों में चांद निकलने का समय इस प्रकार रहेगा।
दिल्ली और नोएडा- रात 8:17 बजे
चंडीगढ़- रात 8:12 बजे
लखनऊ- रात 8:06 बजे
जयपुर- रात 8:28 बजे
पटना- रात 7:52 बजे
कोलकाता- रात 7:47 बजे
मुंबई- रात 9:00 बजे
हैदराबाद- रात 8:41 बजे
बेंगलुरु- रात 8:55 बजे
ये भी पढ़ें - UP Ration Card New Rule: राशन कार्ड पर बदला नियम, अब 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी करा सकेंगे यूपी के लोग