Hanuman Chalisa Path: सुबह या शाम कब करना चाहिए हनुमान चालीसा का पाठ? जानें लाभ और नियम
Hanuman Chalisa Path: सनातन धर्म में हनुमान चालीसा का पाठ अत्यंत फलदायी माना गया है। अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि इसका पाठ सुबह करना चाहिए या शाम को? ज्योतिष और शास्त्रों के अनुसार, हनुमान चालीसा का पाठ सुबह और शाम दोनों समय किया जा सकता है, लेकिन दोनों के नियम और महत्व अलग हैं।
- धर्म और अध्यात्म
- 2 min read

Hanuman Chalisa Path: सनातन धर्म में हनुमान जी को कलियुग का जाग्रत देव माना गया है। वे शौर्य, साहस, और संकटमोचन के प्रतीक हैं। मान्यता है कि जो व्यक्ति नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करता है, उसके जीवन के सभी कष्ट, रोग और भय स्वतः ही समाप्त हो जाते हैं। गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित हनुमान चालीसा की हर चौपाई में एक चमत्कारी शक्ति है।
लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि हनुमान चालीसा का पाठ सुबह या शाम कब करना चाहिए? इसके सही नियम क्या हैं और इससे क्या लाभ मिलते हैं? आइए जानते हैं विस्तार से।
सुबह या शाम कब करें हनुमान चालीसा का पाठ?
शास्त्रों के अनुसार, हनुमान चालीसा का पाठ सुबह और शाम दोनों ही समय किया जा सकता है। दोनों समय का अपना अलग महत्व और लाभ है। सुबह 4:00 बजे से 6:00 बजे या सूर्योदय के समय पाठ करना सबसे उत्तम माना जाता है। इस समय मन शांत होता है और वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा होती है। सुबह पाठ करने से दिनभर मन एकाग्र रहता है और कार्यक्षेत्र में सफलता मिलती है। शाम को सूर्यास्त के बाद हनुमान चालीसा का पाठ करना भी बेहद फलदायी है। विशेषकर जो लोग नौकरी या व्यवसाय के कारण सुबह समय नहीं निकाल पाते, वे शाम को हाथ-पैर धोकर पाठ कर सकते हैं। शाम का पाठ मानसिक तनाव को दूर करता है और घर में सुख-शांति लाता है। यदि आप किसी विशेष मनोकामना के लिए अनुष्ठान कर रहे हैं, तो 21 या 41 दिनों तक रोज एक ही निश्चित समय पर पाठ करने का संकल्प लें।
हनुमान चालीसा पाठ के नियम जरूर जान लें
पाठ करने से पहले स्नान करें और लाल रंग के वस्त्र पहनें। उसके बाद पाठ करें।
हनुमान चालीसा का पाठ कभी भी जमीन पर बैठकर नहीं करना चाहिए। आप फर्श पर आसन बिछाकर ही हनुमान चालीसा का पाठ करें।
हनुमान जी की प्रतिमा के सामने घी का दीपक जलाएं या फिर चमेली के तेल से जलाएं। इससे आपको उत्तम परिणाम मिल सकते हैं।
अपने पास एक तांबे के लोटे में जल भरकर रखें। पाठ समाप्त होने के बाद इस जल को प्रसाद के रूप में ग्रहण करें।
जो जातक हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं, वह तामसिक भोजन से दूर रहें।