अपडेटेड 31 October 2024 at 06:47 IST
Diwali 2024: दीपावली आज, जानिए इसका महत्व और पूजा के सभी शुभ मुहूर्त
Diwali 2024: देशभर में आज दीपावली पर्व मनाया जा रहा है। आइए जानते हैं इस दिन का महत्व और पूजा का शुभ मुहूर्त।
- धर्म और अध्यात्म
- 3 min read

Diwali 2024 Muhurat: दीपावली हिंदू धर्म का एक बेहद खास त्योहार है। इस त्योहार को दीपोत्सव भी कहा जाता है। देशभर में लोग अगर किसी त्योहार का पूरे साल बेसब्री से इंतजार करते हैं तो वह दीपावली का त्योहार है। रोशनी के इस त्योहार में लोग दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से अपने घरों को सजाते हैं।
वहीं हर साल दिवाली का त्योहार कार्तिक मास की अमावस्या तिथि के दिन मनाया जाता है जो कि आज यानी गुरुवार, 31 अक्टूबर के दिन पड़ रही है। ऐसे में देशभर में दीपावली का त्योहार आज मनाया जा रहा है।
दिवाली के दिन मुख्य रूप से धन की देवी मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की पूजा की जाती है। दीपावली के दिन लोग एक दूसरे को मिठाईयां देकर इस त्योहार का जश्न मनाते हैं। इस दिन कई पारम्परिक पकवान और मिठाई भी बनाई जाती है। ऐसे में आपको इस त्योहार के महत्व के बारे में जान लेना चाहिए। साथ ही आपको इस दिन पूजा के सभी शुभ मुहूर्तों के बारे में भी जान लेना चाहिए।
दीपावली का महत्व (Importance of Diwali)
हिंदू कैलेंडर के मुताबिक, हर साल दीपावली का त्योहार कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। माना जाता है कि कार्तिक अमावस्या के दिन धन की देवी मां लक्ष्मी रात के समय खुद धरती पर भ्रमण के लिए निकलती हैं और घर-घर जाकर अपने भक्तों को आशीर्वाद देती हैं। यही वजह है कि दीपावली के दिन घर, आंगन और घर के आस-पास दीपक प्रज्वलित कर हर कोने को रोशन किया जाता है। इसलिए इस त्योहार को हिंदू धर्म का सबसे खास और महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है।
Advertisement
दिवाली पर पूजा का शुभ मुहूर्त (Diwali 2024 shubh muhurat)
दिवाली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। ऐसे में गुरुवार को इनकी पूजा के लिए कई शुभ मुहूर्त बन रहे हैं। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04 बजकर 48 मिनट से सुबह ही 05 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। फिर प्रातः सन्ध्या मुहूर्त सुबह 05 बजकर 14 मिनट से 06 बजकर 32 मिनट तक रहेगा। अभिजित मुहूर्त 11 बजकर 41 मिनट से दोपहर 12 बजकर 26 मिनट तक रहेगा। विजय मुहूर्त दोपहर 01 बजकर 54 मिनट से 02 बजकर 39 मिनट तक रहेगा। इस दिन गोधूलि मुहूर्त शाम 05 बजकर 36 मिनट से 06 बजकर 01 मिनट तक रहेगा। इसके अलावा अमृत काल का समय शाम 05 बजकर 32 मिनट से 07 बजकर 20 मिनट तक रहेगा।
वहीं, अगर लक्ष्मी पूजन के दिन चौघड़िया मुहूर्त की बात की जाए तो वह इस प्रकार रहेंगे।
Advertisement
- शुभ-उत्तम: सुबह 06 बजकर 32 मिनट से 07 बजकर 55 मिनट तक।
- लाभ-उन्नति: दोपहर 12 बजकर 04 मिनट से 01 बजकर 27 मिनट तक।
- अमृत-सर्वोत्तम: दोपहर 01 बजकर 27 मिनट से 02 बजकर 50 मिनट तक।
- शुभ-उत्तम: शाम 04 बजकर 13 मिनट से 05 बजकर 36 मिनट तक।
लक्ष्मी पूजन का रात का शुभ चौघड़िया मुहूर्त
अमृत-सर्वोत्तम: शाम 05 बजकर 36 मिनट से 07 बजकर 13 मिनट तक।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 31 October 2024 at 06:47 IST