Chhath Puja 2026: आखिर छठ में डूबते सूरज की पूजा क्यों होती है? जानें सूर्य देव की पत्नियों 'उषा' और 'प्रत्यूषा' से जुड़ी यह पौराणिक कथा
छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा का विशेष धार्मिक और पौराणिक महत्व है। यह पर्व प्रकृति, सूर्य देव और जीवन के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक है। मान्यता है कि अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसके पीछे सूर्य देव की दोनों पत्नियों उषा और प्रत्युषा से जुड़ी पौराणिक मान्यताएं भी हैं।
- धर्म और अध्यात्म
- 4 min read

छठ पूजा हिंदू धर्म के सबसे पवित्र और कठिन व्रतों में से एक है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। यह पर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित है। इस दौरान व्रती पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पवित्रता के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के कुछ हिस्सों में छठ पूजा की विशेष धूम देखने को मिलती है।
छठ महापर्व की सबसे अनोखी परंपरा यह है कि इसमें उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी पूजा की जाती है। जहां आमतौर पर उदय होते सूर्य को शक्ति और नई शुरुआत का प्रतीक मानकर पूजा जाता है, वहीं छठ में अस्त होते सूर्य को भी अर्घ्य देने की परंपरा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके पीछे धार्मिक और पौराणिक मान्यताएं क्या हैं? आइए जानते हैं।
छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष देवता माना गया है। मान्यता है कि सूर्य की ऊर्जा से ही पृथ्वी पर जीवन संभव है। सूर्य से हमें प्रकाश, गर्मी और ऊर्जा प्राप्त होती है। पेड़-पौधों के विकास से लेकर मनुष्य और अन्य जीवों के जीवन तक, सभी किसी न किसी रूप में सूर्य पर निर्भर हैं। छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देना प्रकृति और सूर्यदेव के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक है। इसके माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि केवल उगते हुए सूर्य का ही सम्मान नहीं करना चाहिए, बल्कि अस्त होते सूर्य के प्रति भी उतनी ही श्रद्धा रखनी चाहिए। जीवन में हर अवस्था का अपना महत्व होता है और हर परिस्थिति का सम्मान करना चाहिए।
सूर्यदेव की दोनों पत्नियों से जुड़ी है मान्यता
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यदेव की दो पत्नियां हैं, जिनके नाम उषा और प्रत्युषा बताए जाते हैं। मान्यता है कि सुबह के समय सूर्यदेव अपनी पत्नी उषा के साथ रहते हैं, जबकि शाम के समय प्रत्युषा के साथ होते हैं। इसी धार्मिक विश्वास के आधार पर छठ पूजा में डूबते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। संध्या अर्घ्य के दौरान अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर प्रत्युषा के प्रति श्रद्धा प्रकट की जाती है, जबकि सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर उषा का आभार जताया जाता है।
Advertisement
छठी मैया की पूजा से मिलती है सुख-समृद्धि
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया की पूजा करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है। विशेष रूप से संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए महिलाएं यह कठिन व्रत रखती हैं। माना जाता है कि छठी मैया अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।
चार दिनों तक चलती है छठ पूजा की विशेष परंपरा
छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती पवित्र स्नान करके सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन खरना होता है, जिसमें शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद तैयार किया जाता है। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और इसके साथ ही लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। तीसरे दिन संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती नदी, तालाब या जलाशय के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इसके बाद चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। पूजा संपन्न होने के बाद व्रती पारण करके अपना व्रत खोलते हैं।
Advertisement
प्रकृति और स्वास्थ्य से भी जुड़ा है छठ पर्व
छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी माध्यम है। प्राचीन समय में खेती-किसानी और लोगों का जीवन काफी हद तक सूर्य की रोशनी, जल और मौसम पर निर्भर था। सूर्य की ऊर्जा फसलों के विकास और प्राकृतिक चक्र को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सुबह और शाम के समय सूर्य की रोशनी की तीव्रता दोपहर की तुलना में कम होती है। छठ पूजा में जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के साथ मनुष्य के जुड़ाव को भी दर्शाती है। इस प्रकार छठ महापर्व आस्था, अनुशासन, प्रकृति प्रेम और पारिवारिक सुख-समृद्धि का अनूठा संगम है।