अपडेटेड 3 March 2026 at 19:04 IST
Chandra Grahan 2026: खत्म हुआ चंद्र ग्रहण 2026, नकारात्मक ऊर्जा दूर करने के लिए जरूर करें ये काम, बनी रहेगी सुख-समृद्धि
Lunar Eclipse 2026: चंद्र ग्रहण एक खगोलीय घटना है, लेकिन धार्मिक दृष्टि से भी इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान, दान, सफाई और पूजा जैसे छोटे-छोटे उपाय करने से घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि बनी रहती है।
- धर्म और अध्यात्म
- 3 min read

Chandra Grahan 2026 Rules: हिंदू धर्म में ग्रहण को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इसका असर देश-दुनिया के साथ-साथ सभी 12 राशियों पर भी पड़ता है। इस साल का पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को लग रहा है और यह भारत में भी दिखाई देगा।
भारतीय समय के अनुसार यह चंद्र ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होकर शाम 6 बजकर 47 मिनट पर समाप्त होगा। ग्रहण से 9 घंटे पहले ही सूतक काल शुरू हो चुका है। सूतक काल में शुभ और मांगलिक कार्यों की मनाही होती है और मंदिरों के कपाट भी बंद कर दिए जाते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण के समय वातावरण में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ जाती है। इसलिए ग्रहण समाप्त होने के बाद कुछ खास काम जरूर करने चाहिए, ताकि घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे।
ग्रहण के बाद जरूर करें स्नान
चंद्र ग्रहण खत्म होते ही सबसे पहले स्नान करना चाहिए। इसे शुद्धिकरण का सबसे आसान और जरूरी तरीका माना गया है। स्नान करने से शरीर और मन दोनों की नकारात्मकता दूर होती है और मानसिक शांति मिलती है।
Advertisement
दान का है विशेष महत्व
ग्रहण के बाद दान करना बहुत शुभ माना गया है। आप अपनी क्षमता के अनुसार इन चीजों का दान कर सकते हैं। इनमें चावल, दूध, चीनी, आटा, सफेद कपड़े और सफेद मिठाई जैसी चीजें शामिल हैं। अगर आपकी कुंडली में चंद्र दोष है, तो मोती या चांदी की वस्तु का दान करना भी लाभकारी माना जाता है।
घर का शुद्धिकरण जरूर करें
ग्रहण समाप्त होने के बाद घर की सफाई करें। झाड़ू-पोछा लगाएं। पोछा लगाते समय पानी में थोड़ा सा नमक मिला लें। मान्यता है कि इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। सफाई के बाद गंगाजल को मंदिर, तुलसी के पौधे और पूरे घर में छिड़कें। इससे घर का वातावरण पवित्र और सकारात्मक बनता है।
Advertisement
जलाएं धूप और दीपक
घर की सफाई और शुद्धिकरण के बाद घी का दीपक जलाएं और धूप दिखाएं। पूरे घर में दीपक और धूप घुमाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
ताजा भोजन बनाएं
अगर सूतक काल के दौरान बनाया गया भोजन है और उसमें तुलसी दल नहीं डाला गया था, तो उसे ग्रहण के बाद उपयोग न करें। ग्रहण समाप्त होने के बाद ताजा और शुद्ध भोजन बनाएं।
गाय को रोटी खिलाएं
ग्रहण के बाद बने भोजन में से एक रोटी गाय के लिए जरूर निकालें। यदि रात में संभव न हो तो सुबह गाय को रोटी खिला दें। ऐसा करने से ग्रहण दोष से मुक्ति मिलने की मान्यता है।
चंद्र ग्रहण एक खगोलीय घटना है, लेकिन धार्मिक दृष्टि से भी इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान, दान, सफाई और पूजा जैसे छोटे-छोटे उपाय करने से घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि बनी रहती है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 3 March 2026 at 19:00 IST