अपडेटेड 3 June 2024 at 10:06 IST

'लक्ष्य अब दूर नहीं', कन्याकुमारी में साधना से PM मोदी ने लिए कई नए संकल्प; लेख में लिखे अपने विचार

PM Modi: कन्याकुमारी से दिल्ली लौटते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi ने एक लेख लिखा, जिसमें उन्होंने अपने विचार और नए संकल्पों को शामिल किया।

Narendra Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | Image: Narendra Modi/ Youtube

PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी शोर बंद होने के बाद समंदर की लहरों के बीच कन्याकुमारी में शांति ध्यान के लिए 45 घंटे बिताए। राजनीति से दूर प्रधानमंत्री मोदी आध्यात्मिक प्रवास पर कन्याकुमारी गए। 30 मई की शाम से 1 जून तक उन्होंने कन्याकुमारी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में ध्यान साधना की। कन्याकुमारी से लौटने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने आध्यात्मिक प्रवास को लेकर एक लेख लिखा है। इसमें उन्होंने कन्याकुमारी में साधना से लिए नए संकल्पों का जिक्र किया है।

'कन्याकुमारी में साधना से नए संकल्प' नाम से अपना लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली लौटते वक्त फ्लाइट के भीतर बैठकर लिखा। अपने लेख में उन्होंने लिखा कि कितने सारे अनुभव हैं, कितनी सारी अनुभूतियां हैं। मैं एक असीम ऊर्जा का प्रवाह स्वयं में महसूस कर रहा हूं। 25 सालों में हमें विकसित भारत की नींव रखनी है। स्वतंत्रता संग्राम के समय देशवासियों के सामने बलिदान का समय था। आज बलिदान का नहीं, निरंतर योगदान का समय है।

'मेरठ से शुरू, होशियारपुर में चुनाव प्रचार खत्म किया'

कन्याकुमारी से दिल्ली लौटते हुए प्रधानमंत्री ने अपने लेख में लिखा- 'वाकई, 2024 के चुनाव में कितने ही सुखद संयोग बने हैं। अमृतकाल के इस प्रथम लोकसभा चुनाव में मैंने प्रचार अभियान 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणास्थली मेरठ से शुरू किया। मां भारती की परिक्रमा करते हुए इस चुनाव की मेरी आखिरी सभा पंजाब के होशियारपुर में हुई। संत रविदास की तपोभूमि, हमारे गुरुओं की भूमि पंजाब में आखिरी सभा होने का सौभाग्य भी बहुत विशेष है। इसके बाद मुझे कन्याकुमारी में भारतमाता के चरणों में बैठने का अवसर मिला।'

प्रधानमंत्री मोदी के कन्याकुमारी में ध्यान साधना की तस्वीर (Image: BJP/Facebook)

उन्होंने लिखा- 'उन शुरुआती पलों में चुनाव का कोलाहल मेरे मन-मस्तिष्क में गूंज रहा था। रैलियों में, रोड शो में देखे हुए अनगिनत चेहरे मेरी आखों के सामने आ रहे थे। माताओं-बहनों बेटियों के असीम प्रेम का वह ज्वार, उनका आशीर्वाद, उनकी आंखों में मेरे लिए विश्वास, दुलार, मैं सब कुछ आत्मसात कर रहा था। मेरी आंखें नम हो रही थीं।  मैं शून्यता में जा रहा था, साधना में प्रवेश कर रहा था। कुछ ही क्षणों में राजनीतिक वाद विवाद, वार-पलटवार, आरोपों के स्वर और शब्द, वो सब अपने आप शून्य में समाते चले गए। मेरे मन में विरक्ति का भाव और तीव्र हो गया। मेरा मन बाह्य जगत से पूरी तरह अलिप्त हो गया। इतने बड़े दायित्वों के बीच ऐसी साधना कठिन होती है, लेकिन कन्याकुमारी की भूमि और स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा ने इसे सहज बना दिया।'

Advertisement

'कन्याकुमारी संगमों के संगम की धरती है'

लेख में लिखा गया, 'कन्याकुमारी के उगते सूर्य ने मेरे विचारों को नई ऊंचाई दी और सागर की विशालता ने मेरे विचारों को विस्तार दिया और क्षितिज के विस्तार ने ब्रह्मांड की गहराई में समाई एकात्मकता का निरंतर एहसास कराया। ऐसा लग रहा था, जैसे दशकों पहले हिमालय की गोद में किए गए चिंतन और अनुभव पुनर्जीवित हो रहे हों। कन्याकुमारी संगमों के संगम की धरती है। हमारे देश की पवित्र नदियां अलग-अलग समुद्रों में जाकर मिलती हैं और यहां उन समुद्रों का संगम होता है। और यहां एक और महान संगम दिखता है भारत का वैचारिक संगम! यहां विवेकानंद शिला स्मारक के साथ ही संत तिरुवल्लूबर की विशाल प्रतिमा, गांधी मंडपम और कामराजर मणि मंडपम हैं।'

प्रधानमंत्री मोदी के कन्याकुमारी में ध्यान साधना की तस्वीर (Image: BJP/Facebook)

प्रधानमंत्री लिखते हैं- 'भारत हजारों सालों से विचारों के अनुसंधान का केंद्र रहा है। हमने जो अर्जित किया, उसे कभी अपनी व्यक्तिगत पूंजी मानकर आर्थिक या भौतिक मापदंडों पर नहीं तौला। इसीलिए ये भारत के चरित्र का सहज और स्वाभाविक हिस्सा हो गया है। भारत के कल्याण से विश्व का कल्याण, भारत की प्रगति से विश्व की प्रगति, इसका एक बड़ा उदाहरण हमारी आजादी का आंदोलन भी है। आज भारत का गवर्नेस मॉडल दुनिया के कई देशों के लिए एक उदाहरण बना है। सिर्फ 10 वर्षों में 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना अभूतपूर्व है।'

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'राहुल गांधी चाहते हैं एग्जिट पोल की रिकाउंटिंग हो...', हरदीप पुरी का तंज

'बड़े दायित्वों और लक्ष्यों की दिशा में कदम उठाने होंगे'

प्रधानमंत्री की कलम से लिखे गए लेख में आगे कहा गया- ''प्रो-पीपल गुड गवर्नेस' जैसे अभिनव प्रयोग की आज विश्व में चर्चा हो रही है। भारत का डिजिटल इंडिया अभियान आज पूरे विश्व के लिए उदाहरण है कि हम कैसे टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल गरीबों को सशक्त करने, पारदर्शिता लाने, उनके अधिकार दिलाने में कर सकते हैं। भारत में सस्ता डाटा आज सूचना और सेवाओं तक गरीब की पहुंच सुनिश्चित करके सामाजिक समानता का माध्यम बन रहा है। आज भारत की प्रगति और भारत का उत्थान केवल भारत के लिए बड़ा अवसर नहीं है। ये सभी सहयात्री देशों के लिए भी एक ऐतिहासिक अवसर है। जी-20 की सफलता के बाद से विश्व भारत की इस भूमिका को और अधिक मुखर होकर स्वीकार कर रहा है। आज भारत को ग्लोबल साउथ की एक सशक्त आवाज के रूप में स्वीकार किया जा रहा है। अब एक भी पल गंवाए बिना हमें बड़े दायित्वों और बड़े लक्ष्यों की दिशा में कदम उठाने होंगे। हमें नए स्वप्न देखने हैं और उन सपनों को जीना शुरू करना है। आज की वैश्विक परिस्थितियों में युवा राष्ट्र के रूप में भारत का सामध्यं हमारे लिए एक ऐसा सुखद संयोग और सुअवसर है।'

'जहां से हमें पीछे मुड़कर नहीं देखना है'

प्रधानमंत्री ने ये लंबा चौड़ा लेख लिखा है। वो अपने लेख में आगे लिखते हैं- '21वीं सदी की दुनिया आज भारत की ओर बहुत आशाओं से देख रही है और वैश्विक परिदृश्य में आगे बढ़ने के लिए हमें कई बदलाव भी करने होंगे। भारत सुधार को केवल आर्थिक बदलावों तक सीमित नहीं रख सकते हैं। हमें जीवन के हर क्षेत्र में सुधार की दिशा में आगे बढ़ना होगा। हमें हर पल इस बात पर गर्व होना चाहिए कि ईश्वर ने हमें भारत भूमि में जन्म दिया है। ईश्वर ने हमें भारत की सेवा और इसकी शिखर यात्रा में हमारी भूमिका निभाने के लिए चुना है। हमें प्राचीन मूल्यों को आधुनिक स्वरूप में अपनाते हुए अपनी विरासत को आधुनिक ढंग से पुनर्परिभाषित करना होगा। हमें एक राष्ट्र के रूप में पुरानी पड़ चुकी सोच और मान्यताओं का परिमार्जन भी करना होगा। हमें हमारे समाज को पेशेवर निराशावादियों के दबाव से बाहर निकालना है। हमें याद रखना है, नकारात्मकता से मुक्ति, सफलता की सिद्धि तक पहुंचने के लिए पहली जड़ी-बूटी है। सकारात्मकता की गोद में ही सफलता पलती है।'

प्रधानमंत्री मोदी के कन्याकुमारी दौरे की तस्वीर (Image: BJP/Facebook)

उन्होंने लिखा है- 'भारत की अनंत और अमर शक्ति के प्रति मेरी आस्था, श्रद्धा और विश्वास भी दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। मैंने पिछले 10 सालों में भारत के इस सामथ्य को और ज्यादा बढ़ते देखा है, ज्यादा अनुभव किया है। जिस तरह हमने 20वीं सदी के चौथे पांचवें दशक को अपनी आजादी के लिए प्रयोग किया। उसी तरह 21वीं सदी के इन 25 सालों में हमें विकसित भारत की नींव रखनी है। स्वतंत्रता संग्राम के समय देशवासियों के सामने बलिदान का समय था। आज बलिदान का नहीं, निरंतर योगदान का समय है।'

अगले 25 साल राष्ट्र के लिए समर्पित करें- मोदी

अपने लेख के आखिरी में प्रधानमंत्री मोदी लिखते हैं- ‘स्वामी विवेकानंद ने 1897 में कहा था कि हमें अगले 50 साल सिर्फ और सिर्फ राष्ट्र के लिए समर्पित करने होंगे। उनके इस आह्वान के ठीक 50 साल बाद 1947 में भारत आजाद हो गया। आज हमारे पास वैसा ही स्वर्णिम अवसर है। हम अगले 25 साल सिर्फ और सिर्फ राष्ट्र के लिए समर्पित करें। हमारे ये प्रयास आने वाली पीढ़ियों और आने वाली शताब्दियों के लिए नए भारत की सुदृढ़ नींव बनकर अमर रहेंगे। मैं देश की ऊर्जा को देखकर ये कह सकता हूं कि लक्ष्य अब दूर नहीं है। आइए, तेज कदमों से चलाएं, मिलकर चलें, भारत को विकसित बनाएं।’

यह भी पढ़ें: शत्रुघ्न सिन्हा अंतिम चरण के लोकसभा चुनाव पर दिया बड़ा बयान

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 3 June 2024 at 10:06 IST