'हमें बांटने वाली ताकतों के खिलाफ समाज को एकजुट करना होगा', चिन्मय अमृत महोत्सव में बोले PM मोदी
PM Modi in Chinmaya Amrit Mahotsav: चिन्मय अमृत महोत्सव में पीएम मोदी ने निशाना साधते हुए कहा कि हमें बांटने वाली ताकतों के खिलाफ समाज को एकजुट करना होगा।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 23 अक्टूबर को भारत मंडपम में चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संदेश दिया कि हमें उन ताकतों के खिलाफ एक जुट होना होगा जो समाज को बांटती हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में समय बदल गया है। देश के सामने नई चुनौतियां आई हैं और समाज में कुछ नई विकृतियां पैदा हुई हैं। आज इन समस्याओं को सुलझाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि हमें बांटने वाली ताकतों के खिलाफ समाज को एकजुट करना होगा। हमें अपने साथी नागरिकों के बीच आत्मनिर्भरता के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ानी होगी।
विकसित भारत के संकल्प पर बोले PM
उन्होंने आगे कहा कि 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने के संकल्प में हमें हर एक व्यक्ति को शामिल करना होगा। इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए हमें और अधिक सक्रिय होना होगा। 2047 में जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तब उसी कालखंड में चिन्मय मिशन भी अपना शताब्दी वर्ष मना रहा होगा।
देश की शिक्षा व्यवस्था पर दिया जोर
इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी शिक्षा व्यवस्था नए भारत की जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए। इसके लिए हमने एक नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की है। यह नीति भारतीय ज्ञान परंपरा, मातृभाषा में शिक्षा, आधुनिक विज्ञान और नई तकनीक पर विशेष जोर देती है। आज विवेकानंद रॉक मेमोरियल देश-दुनिया से आने वाले लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
Advertisement
PM ने गुरुदेव से हुई मुलाकात का किया जिक्र
इससे पहले पीएम मोदी ने 1993 में उनकी वडोदरा में गुरुदेव से हुई मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव से हुई मेरी मुलाकात, उनका स्नेह, उनके साथ हुई बातचीत, उनका आशीर्वाद आज सब कुछ फिर से आंखों के सामने आ गया। एक पल के लिए ऐसा लगा जैसे मैं फिर से गुरुदेव के साक्षात सानिध्य में आ गया।