अपडेटेड 26 September 2025 at 13:28 IST

'मैं और नीतीश कुमार आपके दो भाई हैं', PM मोदी ने महिलाओं के अकाउंट में भेजे 10 हजार; बोले- 'मेरे बिहार' में होगी सबसे ज्यादा लखपति दीदी

बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ हो गया। इस योजना के तहत पीएम मोदी ने पहली किस्त जारी करते हुए महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपए ट्रांसफर किए।

PM Modi & Nitish Kumar
PM Modi & Nitish Kumar | Image: ANI

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10,000 रुपये की पहली किस्त सीधे हस्तांतरित की गई। चुनाव से पहले महिला सशक्तिकरण की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने खुद को और नीतीश कुमार को भाई बताया। उन्होंने महिलाओं से वादा किया कि दोनों भाई मिलकर उनके लिए लगातार काम करते रहेंगे।


पीएम मोदी ने शुक्रवार, 26 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने बिहार की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपये, यानी कुल 7,500 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा, नवरात्रि के इस पावन पर्व में आप सबका आर्शीवाद हम सबके लिए एक बहुत बड़ी शक्ति है। मैं आज आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और आज से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की जा रही है। इस योजना से अब तक 75 लाख बहने जुड़ चुकी हैं अभी एक साथ इन बहनों के खाते में 10,000-10,000 रुपए भेजे गए हैं।

मैं और नीतीश आपके दो भाई हैं-PM मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, जब यह प्रक्रिया चल रही थी, तब मैं सोच रहा था कि आज नीतीश जी की सरकार ने बिहार की बहनों-बेटियों के लिए कितना बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जब कोई बहन या बेटी रोजगार या स्वरोजगार करती है, तो उसके सपनों को नए पंख लग जाते हैं, और समाज में उसका सम्मान और भी बढ़ जाता है। एक भाई को खुशी तब मिलती है जब एक बहन स्वस्थ हो ,बहन खुशहाल हो बहन का परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हो इसके लिए वह भाई जो बन पड़ता है वह करता है। आज आपके दो भाई नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार मिलकर आपकी सेवा समृद्धि और आपका स्वाभिमान के लिए लगातार काम कर रहे हैं। आज का यह कार्यक्रम इसी का उदाहरण है। 

 सबसे ज्यादा लखपति दीदी बिहार से होंगी-PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इस महीने की शुरुआत में ही मुझे 'जीविका निधि साख सहकारी संघ' शुरू करने का अवसर मिला था। अब इस व्यवस्था की ताकत 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार' योजना के साथ जुड़ जाएगी। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना ने केंद्र सरकार के लखपति दीदी अभियान को भी नई मजबूती दी है।  केंद्र सरकार ने देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 2 करोड़ से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। उनकी मेहनत से गांव बदला है, समाज बदला है और परिवार का रुतबा भी बदला है और जिस तरीके बिहार की सरकार इस योजना को बढ़ा रही है मेरा पक्का विश्वास है कि वो दिन दूर नहीं कि जब देश में सबसे ज्यादा लखपति दीदी बिहार से होंगी। "

Advertisement

महिलाओं को याद दिलाया जंगल राज की याद

वहीं, RJD पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा,"जब बिहार में आरजेडी की सरकार थी, लालटेन का राज था, उस दौरान अराजकता और भ्रष्टाचार की सबसे ज्यादा मार बिहार की महिलाओं ने ही झेली है।  वो दिन याद कीजिए जब बिहार की सड़कें टूटी-फूटी होती थीं, पुल-पुलिया का नामोनिशान नहीं था। तब सबसे ज्यादा तकलीफ किसे होती थी?  बाढ़ में परेशानी इतनी बढ़ जाती थी कि गर्भवती महिलाएं समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाती थीं, उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाता था। इन कठिन परिस्थितियों से आपको बाहर निकालने के लिए हमारी सरकार ने दिन-रात काम किया है।"

यह भी पढ़ें: PM ने महिलाओं के खाते में ट्रांसफर किए 10 हजार रुपये, क्या है ये स्कीम?

Advertisement

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 26 September 2025 at 13:13 IST