अपडेटेड 11 March 2026 at 15:13 IST
युद्ध ने हमें फिर आत्मनिर्भरता का महत्व समझाया है, लेकिन कांग्रेस स्थितियां बिगाड़ना चाहती है ताकि मोदी को गाली दे सकें- PM मोदी का हमला
केरल में सभा को संबोधित करते हुए मिडिल ईस्ट में जारी तनाव पर पीएम मोदी ने कहा, "गल्फ में चल रहे युद्ध ने हमें आत्मनिर्भरता का महत्व भी फिर से समझाया है। भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रहा है।"
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 5 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार,11 मार्च को केरल को बड़ी सौगात दी। कोच्चि और एर्नाकुलम में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया।
कोच्चि में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पलक्कड़ (केरलम) और पोलाची (तमिलनाडु) के बीच नई ट्रेन सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद अखिल केरल धीवर सभा के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया। विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर पीएम का यह दौरान बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा ह।
पीएम मोदी ने लगभग 11,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से केरलम के बुनियादी ढांचे, रेलवे और अन्य क्षेत्रों में तेजी आएगी। पीएम मोदी ने कोच्चि रिफाइनरी में 5,500 करोड़ रुपये की लागत वाली 'पॉलीप्रोपाइलीन इकाई' की आधारशिला भी रखी। विधानसभा चुनाव से पहले केरल को लोगों को पीएम ने कई बड़ी सौगात दी।
केरल धीवरा सभा के स्वर्ण जयंती पर पीएम का संबोधन
पीएम मोदी ने अखिल केरल धीवरा सभा के स्वर्ण जयंती सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "आज हम सब एक ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन रहे हैं। अखिल केरल धीवरा सभा आज अपनी 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। पिछले 50 सालों से ये संगठन मछुआरा समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर काम कर रहा है। 50 साल की इस यात्रा में आपका परिश्रम, सेवा भाव जुड़ा है। मैं इस शुभ अवसर पर केरलम के सभी मछुआरा साथियों को धीवरा सभा के सदस्यों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।"
कांग्रेस पर पीएम मोदी ने कसा तंज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "विकसित केरलम के लिए सबसे बड़ी जरूरत टूरिज्म, टैलेंट और टेक्नोलॉजी को नए अवसर देने की है। लेकिन 21वीं सदी के पहले 25 साल में LDF और UDF ने केरलम को युवा शक्ति से वंचित कर दिया है। कांग्रेस को तो केरलम के युवाओं पर, देश के युवाओं के सामर्थ्य पर भरोसा ही नहीं है। कांग्रेस के युवराज को तो ये भी नहीं पता कि भारत के युवा आज ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग में कितना कमाल कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता को तो ये भी नहीं पता कि भारत में आज अनेक कंपनियां ड्रोन बना रही हैं। उन्हें ये भी नहीं पता कि केरलम के ही युवा स्टार्टअप ड्रोन बना रहे हैं। जो सिर्फ अपने छोटे से दायरे में सिमटा हो, उसे देश का विकास दिखाई नहीं देगा।"
Advertisement
युद्ध ने हमें आत्मनिर्भरता का महत्व समझाया-पीएम मोदी
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव पर पीएम मोदी ने कहा, "गल्फ में चल रहे युद्ध ने हमें आत्मनिर्भरता का महत्व भी फिर से समझाया है। एनर्जी हो या अन्य सेक्टर भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रहा है। आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है ये हमने कोरोना के दौर में देखा है। यूक्रेन संकट के दौरान देखा है और वर्तमान संकट ने एक बार फिर से सिद्ध किया है कि आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है।"
मिडिल ईस्ट में तनाव पर क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारे भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं। वहां हर देश में हमारे जो दूतावास हैं, हमारे मिशन हैं वे 24/7 उनकी मदद कर रहे हैं...यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस इतने बड़े वैश्विक संकट में भी राजनीति ढूंढ रही है...कांग्रेस जानबूझकर उकसाने वाले बयान दे रही है ताकि स्थितियां बिगड़ जाएं, हमारे लोग वहां संकट में फंस जाएं और फिर ये लोग मिलकर मोदी को गाली देने का, रील बनाने का अभियान शुरु कर सकें, यही उनका खेल है।"
Advertisement
केरल का नाम बदलकर हुआ केरलम
पीएम मोदी ने राज्य के नाम परिवर्तन पर कहा कि केरल अब केरलम हो गया है, जो मलयाली संस्कृति और स्थानीय पहचान के अनुरूप है। केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित इस बदलाव से मलयाली भाइयों-बहनों की लंबे समय से चली आ रही इच्छा पूरी हुई है। उन्होंने इसे राज्य की सही पहचान मिलने का आनंदपूर्ण क्षण बताया और केरलमवासियों को बधाई दी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 11 March 2026 at 15:13 IST