अपडेटेड 30 August 2025 at 08:27 IST

शिगेरु इशिबा के साथ लंच, इलेक्ट्रॉन फैक्ट्री का दौरा... चीन के लिए रवाना होने से पहले जापान में क्या-क्या करेंगे PM मोदी? जानें शेड्यूल

पीएम मोदी के जापान दौरे का आज दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री शनिवार को चीन के लिए रवाना होने से पहले जापान में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

PM Modi Japan Visit
PM Modi Japan Visit | Image: x

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के दौरे का आज, 30 अगस्त को दूसरा दिन है। शनिवार को भी पीएम मोदी जापान में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वो जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ लंच करेंगे। इसके बाद वो टोक्यो इलेक्ट्रॉन फैक्ट्री का भी दौरा करेंगे। जानते हैं पीएम मोदी के जापान दौरे के दूसरे दिन के पूरे शेड्यूल के बारे में।

पीएम मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने जापान पहुंचे। यात्रा के पहले दिन टोक्यो एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी समुदाय के लोग पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार में खड़े नजर आए। वहीं, टोक्यो में आयोजित 15वें भारत-जापान समिट में पीएम मोदी और जापानी पीएम इशिबा की मौजूदगी में कई MoU पर साइन किए गए।

जापान-भारत के लिए बीच MOU पर साइन

15वें भारत-जापान समिट में पीएम इशिबा ने भारत में अगले 10 सालों में 10 ट्रिलियन येन (करीब 6 लाख करोड़ रुपए)  निवेश करने की बात कही है। वहीं, भारत और जापान ने शनिवार को चंद्रयान-5 मिशन के लिए कार्यान्वयन व्यवस्था पर हस्ताक्षर किए, जो दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियों द्वारा चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्र का संयुक्त अन्वेषण है। इस समझौते के तहत जापान के रॉकेट से चंद्रयान-5 की लॉन्चिंग होगी। पीएम मोदी ने अगले भारत-जापान समिट के लिए इशिबा को भारत आने का न्योता भी दिया।

टोक्यो में 16 प्रान्तों के राज्यपालों से मिले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय राज्यपाल संघ के सदस्यों के साथ बातचीत की। प्रधानमंत्री ने टोक्यो में 16 प्रान्तों के राज्यपालों से मुलाकात की और राज्य-प्रान्त सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। इस संबंध में, साझा प्रगति के लिए 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान शुरू की गई राज्य-प्रान्त साझेदारी पहल के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया। चर्चा में प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश, कौशल, स्टार्ट-अप और लघु एवं मध्यम उद्यमों के क्षेत्र में भारतीय राज्यों और जापानी प्रान्तों के बीच बढ़ती साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

Advertisement

पीएम मोदी का आज का कार्यक्रम

वहीं, यात्रा के दूसरे दिन 30 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी जापानी पीएम शिगेरु इशिबा के साथ एक बैठक करेंगे। इसके बाद दोनों नेता साथ में लंच करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी टोक्यो स्थित इलेक्ट्रॉन फैक्ट्री का भी दौरा करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी यात्रा के अगले पड़ाव के लिए चीन रवाना होंगे। वह दोपहर 2.15 बजे जापान से चीन के लिए रवाना होंगे। पीएम मोदी चीन में SCO सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

यह भी पढ़ें: मेट्रो से मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर से स्‍टार्टअप तक...PM Modi ने बताया भारत के लिए कितना अहम है जापान

Advertisement

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 30 August 2025 at 07:53 IST