PM मोदी ने 'मन की बात' में बढ़ते मोटापे का किया जिक्र, देशवासियों को दिए फिटनेस टिप्स; नशे के खिलाफ भी दिया ये खास संदेश
पीएम मोदी ने 'मन की बात' में देश में बढ़ते मोटापे पर चिंता जाहिर की। साथ ही देशवासियों से खाने में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने का आग्रह किया है।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 4 min read

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में एक बार फिर मोटापे के मुद्दे पर अपनी चिंता जाहिर की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों से अपने खाने के तेल में 10 प्रतिशत की कमी लाने की भी अपील की, जो मोटापा कम करने की दिशा में अहम कदम है।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोटापे के खिलाफ देशव्यापी अभियान का जिक्र करते हुए कहा, 'देश के कई हिस्सों में सर्दियां शुरू हो गई हैं। बदलते मौसम में हमें अपनी फिटनेस का और भी ज्यादा ध्यान रखना है। 'फिट इंडिया मूवमेंट' को हमें पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाते रहना है। खाने में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने का जो आग्रह मैंने आपसे किया था, उसे भी याद रखिएगा।'
मोटापा बीमारियों को जन्म देता है- PM
उन्होंने आगे कहा, 'मोटापा हमारे देश के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। हमें इसे नजरअंदाज कभी भी नहीं करना है। बढ़ता मोटापा कई तरह की बीमारियों को जन्म देता है। इसलिए अपने खान-पान और एक्सरसाइज को लेकर हमेशा सजग रहना है।'
नशे की समस्या की ओर दिलाया ध्यान
इसके अलावा उन्होंने देश में बढ़ती नशे की समस्या की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि ड्रग्स युवाओं के सपनों के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। हालांकि, उन्हें इस बात का संतोष भी है कि अब नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की सक्रियता बढ़ रही है और देशभर में 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी जोर-शोर से चल रहा है।
Advertisement
पीएम ने नशा छोड़ने वाले युवा से की बात
पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान एक ऐसे युवा से बात की, जिसने नशे के खिलाफ जंग जीतकर नई जिंदगी शुरू की। पीएम मोदी ने इस युवक की सराहना की और उसे अपना 'दोस्त' बताया।
पीएम मोदी ने फोन कॉल के जरिए इस युवक से बात की और पूछा कि वह पहली बार नशे के जाल में कैसे फंसा। इस पर युवक ने बताया कि वह दिल्ली के सदर बाजार इलाके में रहता था, जहां आसपास के लोगों को नशा करते देख उसमें भी इसके प्रति उत्सुकता जागी। दसवीं कक्षा में उसने पहली बार महज जिज्ञासावश नशा किया, लेकिन देखते ही देखते यह एक गंभीर लत में बन गई। हालात इतने बिगड़ गए कि वह घर के सारे पैसे नशे पर उड़ाने लगा।
Advertisement
नशे के दलदल से कैसे बाहर निकला युवक?
इसके बाद प्रधानमंत्री ने पूछा कि आखिर उसने इस दलदल से बाहर निकलने का रास्ता कैसे खोजा? इसके जवाब में उसने बताया कि बचपन में ही माता-पिता का निधन हो गया था और फिर वह अपने नाना-नानी के पास रहने लगा। लेकिन नानी के निधन के बाद वह पूरी तरह अकेला और अनाथ हो गया। नशे की लत में आकर वह सड़कों पर भटकने को मजबूर हो गया और उसे हर तरफ मौत नजर आने लगी। जब उसके दोस्तों ने भी उसे पैसे देने से साफ मना कर दिया, तब उसे एहसास हुआ कि नशे की वजह से वह अपना सब कुछ खो चुका है।
जिंदगी के इस मोड़ पर उसने खुद को बदलने का संकल्प लिया। इसके बाद वह वसंत कुंज के एक नशा मुक्ति केंद्र में गया, जहां उसने हिम्मत और इच्छाशक्ति के दम पर नशे से छुटकारा पा लिया।
पीएम मोदी की युवाओं से खास अपील
इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि इस युवा की बातें सुनकर उन लोगों को भी ताकत मिलेगी, जो नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौटना चाहते हैं। उन्होंने जोर दिया कि परिवार और देश दोनों के लिए यह बेहद जरूरी है कि युवा पीढ़ी नशे की लत से दूर रहे। उन्होंने युवा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।