अपडेटेड 2 April 2024 at 17:21 IST

'मोदी मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ, पैदा हुआ है...', PM मोदी ने 10 साल के कार्यकाल को बताया ट्रेलर

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 'कुछ लोग कहने लगे हैं कि मोदी जी अब तो आराम करो। अरे मोदी मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ, मोदी मेहनत करने के लिए पैदा हुआ है।

PM Narendra Modi Rajasthan Visit
PM मोदी ने 10 साल के कार्यकाल को बताया ट्रेलर | Image: X

PM Narendra Modi Rajasthan Visit : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को राजस्थान के कोटपूतली में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर एक के बाद एक जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि आज देश में बीजेपी का मतलब विकास और समाधान है। कांग्रेस का मतलब है देश की हर बीमारी की जड़।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 'कुछ लोग कहने लगे हैं कि मोदी जी अब क्या बाकी बचा है, अब तो आराम करो। अरे मोदी मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ, मोदी मेहनत करने के लिए पैदा हुआ है। पिछले 10 साल में जो हुआ, वो तो सिर्फ ट्रेलर है। अभी तो देश को बहुत आगे लेकर जाना है।' पीएम मोदी ने ऐलान किया कि बीजेपी सरकार का तीसरा कार्यकाल निर्णायक और ऐतिहासिक रहने वाला है।

'देश में गरीबी, कांग्रेस की वजह से'

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि आजादी के 7 दशकों तक देश में गरीबी रही, इसका कारण कांग्रेस है। भारत को नई टेक्नोलॉजी, रक्षा सामान के लिए दूसरे देशों की ओर देखना पड़ता था, कांग्रेस की वजह से। कांग्रेस ने कभी हमारी सेना को आत्मनिर्भर नहीं होने दिया। कांग्रेस के समय में भारत की पहचान दुनिया के सबसे बड़े हथियार आयात करने वाले देश की थी। आज बीजेपी सरकार के समय भारत की पहचान हथियार निर्यात करने वाले देश के तौर पर बन रही है।

'भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने का चुनाव'

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोटपूतली में चुनावी जनसभा में कहा- '2024 का यह लोकसभा चुनाव विकसित राजस्थान और विकसित भारत के संकल्प का चुनाव है। ये चुनाव भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है। यह चुनाव भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए है। 2024 के इस चुनाव में देश की सियासत फिर दो खेमों में बंटी नजर आ रही है। आज एक तरफ राष्ट्रप्रथम का संकल्प लेकर चलने वाली बीजेपी है तो दूसरी तरफ देश को लूटने के मौके तलाशने वाली कांग्रेस पार्टी है।'

Advertisement

मौजूदा लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह राजस्थान में पहली जन सभा थी। राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे।

ये भी पढ़ें: 'राम मंदिर का नाम भी लोगे तो आग लग जाएगी', PM मोदी ने बताया देश में विपक्ष ने बना रखा था कैसा माहौल

Advertisement

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 2 April 2024 at 17:21 IST