अपडेटेड 17 January 2024 at 10:27 IST

2019 में जीत बाद, अब चुनाव से पहले; PM ने की गुरुवयूर मंदिर में पूजा, क्या साउथ से मिलेगा आशीर्वाद?

PM Modi Guruvayur Temple Visit: पीएम मोदी केरल में हैं और उन्होंने गुरुवयूर मंदिर में पूजा पाठ किया। 5 साल में दूसरी बार मोदी यहां पहुंचे हैं।

PM Modi Guruvayur Temple Visit
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | Image: ANI

PM Modi Kerala Visit: अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण भारत के दौरे पर हैं। यहां वो मंदिरों में जाने का वक्त भी निकाल रहे हैं। बुधवार सुबह प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के त्रिशूर में गुरुवयूर श्री कृष्ण स्वामी मंदिर में दर्शन पूजन किया। गुरुवायुर देवास्वोम भगवान गुरुवायुरप्पन को समर्पित एक मंदिर है और यह हिंदुओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण पूजा स्थलों में से एक है। इसे अक्सर भूलोक वैकुंठम (पृथ्वी पर विष्णु का पवित्र निवास) कहा जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार रात केरल पहुंचे, जहां नेदुंबसेरी में कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, राज्य मंत्री वी मुरलीधरन और भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने मंगलवार को कोच्चि में एक भव्य रोड शो किया, जिसमें हजारों समर्थक शामिल हुए। रोड शो के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन अपने काफिले में प्रधानमंत्री के साथ थे।

आंध्र प्रदेश के वीरभद्र मंदिर भी गए मोदी

वैसे उन्होंने अपने दक्षिण भारत दौरे की शुरुआत आंध्र प्रदेश से की। यहां भी पीएम मोदी ने मंदिरों में दर्शन पूजन किया। पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में वीरभद्र मंदिर में दर्शन किए और पूजा की। उन्होंने तेलुगु में रंगनाथ रामायण के छंद सुने और आंध्र प्रदेश की पारंपरिक छाया कठपुतली कला, जिसे थोलू बोम्मालता के नाम से जाना जाता है, के माध्यम से प्रस्तुत जटायु की कहानी देखी।
 

यह भी पढ़ें: Ayodhya: मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे रामलला

Advertisement

चुनावों से पहले गुरुवयूर मंदिर में पूजा पाठ

फिलहाल पीएम मोदी केरल में हैं और अपनी केरल यात्रा के दौरान वो करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके पहले बुधवार को उन्होंने दिन की शुरुआत त्रिशूर में गुरुवयूर श्री कृष्ण स्वामी मंदिर में पूजा पाठ के साथ शुरू की। पारंपरिक वेशभूषा पहनकर पीएम मोदी ने गुरुवयूर मंदिर में दर्शन किए। मंत्रोच्चारण के साथ पूजा की। यहां का दौरा उन्होंने आगामी लोकसभा चुनावों से पहले किया है।

2019 में जीत बाद इसी मंदिर में आए मोदी

फिलहाल पीएम मोदी ने 5 साल के अंदर दूसरी बार इस मंदिर में पूजा पाठ किया है। 2019 में जब भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनावों में प्रचंड जीत मिली थी और दूसरी बार नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, तो उसके कुछ ही दिनों बाद उन्होंने इस मंदिर का दौरा किया था। जून 2019 में पीएम मोदी गुरुवयूर मंदिर में आए थे। उस वक्त पीएम ने कहा था- 'गुरुवयूर मंदिर दिव्य और भव्य है।'

Advertisement

क्या साउथ से मिलेगा आशीर्वाद?

अहम बात ये है कि प्रधानमंत्री मोदी जनवरी में ही दो हफ्तों में लगातार दूसरी बार केरल यात्रा पर आए हैं। इससे उन्होंने कहीं ना कहीं ये स्पष्ट कर दिया कि आगामी लोकसभा चुनावों में विपक्ष के प्रभुत्व वाले केरल पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विशेष ध्यान है। हालांकि जिस तरह से पीएम मोदी दक्षिण भारत के राज्यों का दौरा करने के साथ मंदिरों में जा रहे हैं, उस हिसाब से चुनावों में क्या यहां की जनता आशीर्वाद देगी, ये देखना होगा।

यह भी पढ़ें: आगरा टू अयोध्या... रामलला के दर्शन करने 480 KM पैदल निकले उस्मान-प्रिंस

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 17 January 2024 at 10:27 IST