मेट्रो, एयरपोर्ट, सड़क, रिफाइनरी, सेमीकंडक्टर... PM मोदी का राजस्थान-गुजरात दौरा आज, देंगे विकास और रफ्तार की सौगात; जानिए A टू Z सबकुछ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 4 जुलाई यानी कि आज राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वह दोनों राज्यों को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

PM Modi
PM Modi | Image: ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 4 जुलाई यानी कि आज राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वह दोनों राज्यों को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में पेट्रोकेमिकल, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली ट्रांसमिशन, विमानन और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे कई अहम क्षेत्र शामिल हैं।

प्रधानमंत्री दौरे की शुरुआत जोधपुर से करेंगे, जहां व हवाईअड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी बालोतरा के पचपदरा में जिस ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर का उद्घाटन करने वाले हैं, वह दुनिया की सबसे उन्नत रिफाइनरी में एक होगी और इसे पेट्रोरसायन क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके बाद पीएम बालोतरा में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे। वह वहां पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

पीएम मोदी के दौरे की पूरी टाइमलाइन

लगभग सुबह 10:45 बजे प्रधानमंत्री जोधपुर हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और जोधपुर में संशोधित विमानन योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद, दोपहर लगभग 12:00 बजे वे बालोतरा जाएंगे, जहां वे लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह के दौरान जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के चरण-2 की आधारशिला रखेंगे।

पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी

Advertisement

इस अत्याधुनिक परियोजना में रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन एकीकृत है। इसकी पेट्रोकेमिकल क्षमता 2.4 एमएमटीपीएम है। रिफाइनरी का नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है और पेट्रोकेमिकल उत्पादन 26 प्रतिशत से अधिक है, जो वैश्विक मानकों के अनुरूप माना जाता है। इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल एवं प्लास्टिक पार्क के विकास के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

प्रधानमंत्री 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। इसके तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित होगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे। यह प्रह्लादपुरा से टोड़ी मोड़ तक सीतापुरा, वीकेआई, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, एसएमएस स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ेगा।

चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं का लोकार्पण

इसके अलावा पीएम मोदी चूरू-सादुलपुर (58 किमी) और चूरू-रतनगढ़ (46 किमी) रेल दोहरीकरण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। करीब 900 करोड़ रुपए की लागत से बनी ये परियोजनाएं उत्तर-पश्चिम राजस्थान में रेल संपर्क और माल ढुलाई को मजबूत करेंगी। 740 करोड़ रुपए की लागत से बने एनएच-125ए जोधपुर रिंग रोड सेक्शन-2 का भी उद्घाटन करेंगे।

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री 5,500 करोड़ रुपए की लागत वाली एसजेवीएन की 1,000 मेगावाट बीकानेर सोलर परियोजना और एनएचपीसी की 300 मेगावाट कर्णीसर बीकानेर सोलर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही 1,900 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली बिजली ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन और 530 किलोमीटर लंबी नई ट्रांसमिशन प्रणाली की आधारशिला रखेंगे। इसी कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती हुए करीब 54,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।

शाम को गुजरात को देंगे ये सौगात

इसके बाद पीएम मोदी शाम 4:30 बजे गुजरात के अहमदाबाद जिले के साणंद पहुंचेंगे, जहां वे आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट प्लांट का उद्घाटन करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। गुजरात के साणंद में पीएम मोदी सीजी सेमी ओएसएटी सुविधा का उद्घाटन करेंगे। 7,500 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित यह परियोजना इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के तहत स्वीकृत पहली चार परियोजनाओं में शामिल है और भारत में वाणिज्यिक सेमीकंडक्टर उत्पादन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है

पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर यह संयंत्र हर साल 5 अरब (5 बिलियन) सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करेगा। यह प्लांट ऑटोमोबाइल, औद्योगिक, दूरसंचार, 5जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेगा। यहां वेफर सॉर्टिंग, असेंबली, टेस्टिंग, पैकेज डिजाइन, फेल्योर एनालिसिस, टेस्ट प्रोग्राम डेवलपमेंट, प्रोडक्ट कैरेक्टराइजेशन और लॉजिस्टिक्स जैसी एंड-टू-एंड सेमीकंडक्टर सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इसे भी पढ़ें- विशाल बन इरशाद ने दो हिंदू लड़कियों से की शादी, दोनों को गर्भवती कर बनाया बंधक और डालने लगा धर्मपरिवर्तन का दबाव; बजरंग दल-पुलिस ने छुड़ाया

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड