अपडेटेड 24 February 2026 at 23:30 IST

PM Modi's Israel Visit: पीएम मोदी के इजरायल दौरे पर क्या होगा खास? प्रधानमंत्री से मिलने के लिए उत्साहित हैं नेतन्याहू, पढ़िए पूरा शेड्यूल

PM Modi's Israel Visit Schedule: पीएम मोदी 25 फरवरी को इजरायल पहुंचेंगे, जहां वे संसद को संबोधित करेंगे और पीएम नेतन्याहू से मिलेंगे। इस यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नेतन्याहू बेहद उत्साहित हैं। इसकी जानकारी उन्होंने X पर दी।

PM Modi Israel Visit
PM Modi Israel Visit | Image: X/Narendra Modi/Republic

PM Modi's Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 फरवरी 2026 को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर इजरायल जा रहे हैं। साल 2017 की उनकी ऐतिहासिक यात्रा के लगभग 9 साल बाद यह प्रधानमंत्री का दूसरा इजरायल दौरा है। इस यात्रा को लेकर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जबरदस्त उत्साह दिखाया है और पीएम मोदी को अपना ‘सबसे करीबी दोस्त’ बताया है। 

बता दें, इजरायल में प्रधानमंत्री करीब 30 घंटे का समय बिताएंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे से द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की उम्मीद है। साथ ही मध्य-पूर्व के बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच भारत की भूमिका भी इससे रेखांकित होगी। इस दौरान वो कई कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे।

नेतन्याहू ने X पर दिखाया उत्साह 

दरअसल, इजरायल के PM नेतन्याहू ने X पर पोस्ट के माध्यम से PM मोदी के दौरे को लेकर लिखा, ‘आज सुबह कैबिनेट बैठक की शुरुआत में मैंने अपने प्रिय मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी बुधवार को होने वाली ऐतिहासिक इजरायल यात्रा के बारे में बात की। इजरायल और भारत के बीच का संबंध दो वैश्विक नेताओं का एक सशक्त गठबंधन है। हम नवाचार, सुरक्षा और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण में भागीदार हैं। साथ मिलकर, हम स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध राष्ट्रों का एक गठबंधन बना रहे हैं। एआई से लेकर क्षेत्रीय सहयोग तक, हमारी साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। यरूशलम में आपसे मिलने की प्रतीक्षा रहेगी, प्रधानमंत्री मोदी!’

PM मोदी ने किया रिप्लाई

इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की इस पोस्ट के बाद PM मोदी ने भी रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘धन्यवाद, मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नेतन्याहू। भारत और इजरायल के बीच के बंधन और हमारे द्विपक्षीय संबंधों की विविधता पर मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। भारत इजरायल के साथ अटूट मित्रता को बहुत महत्व देता है, जो विश्वास, नवाचार और शांति एवं प्रगति के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है। अपनी आगामी इजरायल यात्रा के दौरान आपसे होने वाली चर्चाओं के लिए मैं उत्सुक हूं।"

Advertisement

PM मोदी का पूरा शेड्यूल 

बता दें, प्रधानमंत्री अपने दौरे में कई उच्च-स्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे, जिसमें उनके कार्यक्रम कुछ इस प्रकार होंगे-

25 फरवरी (सुबह): PM मोदी दिल्ली से यरूशलम के लिए प्रस्थान करेंगे।
25 फरवरी (दोपहर): इजरायली संसद 'नेसेट' को संबोधित करेंगे।
25 फरवरी (शाम): PM मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसके बाद दोनों नेता एक साथ डिनर करेंगे।
26 फरवरी (सुबह): डेलीगेशन स्तर की बैठक होगी, जिसमें 'आयरन डोम' मिसाइल रक्षा प्रणाली की तकनीक हस्तांतरण (ToT) जैसे बड़े रक्षा समझौतों पर मुहर लग सकती है।
26 फरवरी (दोपहर): इजरायली राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से फोन पर वार्ता के बाद पीएम मोदी भारत के लिए रवाना होंगे।

Advertisement

इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हो सकती है चर्चा 

  • इजरायल भारत का दूसरा सबसे बड़ा हथियार आपूर्तिकर्ता है। इस यात्रा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग और घातक मिसाइल तकनीकों के साझा विकास पर ध्यान रहेगा।
  • भारत अपनी सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए इजरायल की विश्व प्रसिद्ध 'आयरन डोम' तकनीक हासिल करने की दिशा में बड़ा कदम उठा सकता है।
  • नेतन्याहू भारत, ग्रीस, साइप्रस और कुछ अरब देशों के साथ मिलकर एक नया गठबंधन हेक्सागन अलायंस (Hexagon Alliance) बनाने की योजना पर चर्चा कर सकते हैं, जिसका उद्देश्य कट्टरवाद से निपटना होगा।
  • भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC कॉरिडोर) को गति देने पर चर्चा होगी, जो क्षेत्रीय संघर्षों के कारण लंबित पड़ा है।
  • गाजा युद्ध के बाद के हालातों और ईरान-अमेरिका तनाव के बीच PM मोदी की यह यात्रा कूटनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है। इलाके में रहने वाले 90 लाख भारतीयों की सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा है।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इजरायल के प्रति खुले समर्थन और ईरान पर कड़े रुख के बीच भारत की संतुलित विदेश नीति की परीक्षा होगी।

ये भी पढ़ें:  सेवा तीर्थ में पहली कैबिनेट बैठक, मंत्रिमंडल ने लिया 'सेवा संकल्प'; PM मोदी बोले- यद् भद्रं तन्न आ सुव, क्या हैं इसके मायने?

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 24 February 2026 at 23:30 IST