'देश की आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण में हिस्सेदारी देने जा रहे हैं, ये संसदीय इतिहास का अहम पल', महिला आरक्षण पर लोकसभा में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन पर कहा, 'हमारा सौभाग्य है कि हमें देश की आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण की नीति बनाने की प्रक्रिया में शामिल होने का सौभाग्य मिल रहा है।'
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है। संसद के विशेष सत्र के पहले दिन केंद्र सरकार ने तीन अहम विधेयक लोकसभा में पेश किया। इनमें सबसे महत्वपूर्ण बिल है महिला आरक्षण विधेयक। अब बिल पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बिल पर तीखी बहस जारी है। अब महिला आरक्षण बिल पर प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा में बोल रहे हैं।
लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इस महत्वपूर्ण विधेयक पर आज सुबह चर्चा शुरू हुई..राष्ट्र के जीवन में कुछ जरूरी पल आते हैं। ऐसे समय में, समाज की सोच और नेतृत्व की क्षमता उस पल को पकड़ लेती है और उसे देश की अमानत बना देती है, एक मजबूत धरोहर तैयार कर देती है। भारत के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में, ये वैसे ही पल हैं।"
महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन पर कहा, "हमारे देश में जब से महिला आरक्षण को लेकर चर्चा हुई और उसके बाद जब-जब चुनाव आया है, महिलाओं को मिलने वाले इस अधिकार का जिस-जिसने विरोध किया है, महिलाओं ने उसे माफ नहीं किया है। 2024 के चुनाव में ऐसा नहीं हुआ, ऐसा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि तब सबने सर्वसम्मति से इसे पारित किया तो यह विषय ही नहीं रहा। "
हम नारी को उसका हक दे रहे हैं-PM मोदी
लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन पर पीएम मोदी ने कहा, "हम किसी भ्रम में न रहें, हम किसी अहंकार में न रहें कि हम देश की नारी शक्ति को कुछ दे रहे हैं। यह उसका हक है। हमने कई दशकों से उसे रोका है, आज उसका प्रायश्चित करके हमारे लिए उस पाप में से मुक्ति पाने का अवसर है।"