Kerala Election: 'कांग्रेस और वामपंथी कट्टरपंथियों को बढ़ावा देते हैं, अगर यहां NDA की सरकार बनती है तो...', PM मोदी ने विपक्ष पर बोला हमला
Kerala Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केरल सरकार पर कट्टरपंथी ताकतों का समर्थन करने का आरोप लगाया।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

Kerala Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के तिरुवल्ला में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों पार्टियों पर वोट बैंक बचाने के लिए कट्टरपंथी तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया और कहा कि केरल में मुनंबम जैसी घटनाएं अब आम होती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि केरल सरकार कट्टरपंथी ताकतों के साथ खड़ी नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सैकड़ों हिंदू और ईसाई परिवारों को डराया-धमकाया गया, लेकिन सरकार ने पीड़ितों की मदद नहीं की और कट्टरपंथी ताकतों का समर्छन किया।
‘वामपंथी और कांग्रेस कट्टरपंथियों की समर्थक’
केरल विधानसभा चुनावों से पहले यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, “वामपंथी और कांग्रेस, दोनों ही वोट बैंक की खातिर कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा देते हैं। केरलम में मुनंबम जैसी घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। वहां सैकड़ों हिंदू और ईसाई परिवारों को डराया-धमकाया गया, लेकिन पीड़ितों की मदद करने के बजाय, केरल सरकार कट्टरपंथियों के साथ खड़ी नजर आ रही है... केरल की जनता इसे कभी सफल नहीं होने देंगी।”
केरल में आती है NDA तो विकास को मिलेगी रफ्तार
केरल और पूर्वोत्तर के बीच विकास के अंतर पर जोर देते हुए, PM मोदी ने आगे कहा कि अगर केरल में भी NDA की सरकार बनती है, तो केरल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा, “पूर्वोत्तर में ईसाई समुदाय बड़ी संख्या में मौजूद है। एक राज्य को छोड़कर, पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में NDA की सरकार सत्ता में है, और हमने वहां वह कर दिखाया है जो पिछले 50-60 सालों में नहीं हुआ था। गोवा में ईसाईयों की भूमिका निर्णायक है, और वहां लगातार BJP-NDA की सरकार रही है। वह विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अगर केरल में भी NDA की सरकार बनती है, तो केरल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
Advertisement
‘केरल में इंफ्रास्ट्रक्चर की हालत खराब’
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय इंफ्रास्ट्रक्चर की अनदेखी की भी आलोचना की और कहा कि यहां संपर्क सड़कों की हालत बेहद खराब है। PM मोदी ने आगे कहा, "LDF-UDF सरकारों ने इस इलाके की कभी परवाह नहीं की। यहां जोड़ने वाली सड़कों की हालत बहुत खराब है। कई सालों से यहां एक भी बड़ा पुल नहीं बना है, और मेडिकल कॉलेज की हालत भी बहुत खराब है। जहां बुनियादी सुविधाओं की इतनी भारी कमी हो, वहां कोई भी अंदाजा लगा सकता है कि आपका जीवन स्तर कैसा होगा।"
2026 के केरल विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने लोगों से कई वादे किए और उन्हें NDA सरकार आने पर पूरा करने का आश्वासन दिया। बता दें, केरल विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग 9 अप्रैल को होगी, और वोटों की गिनती 4 मई को होगी। वहीं मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को खत्म होने वाला है।