अपडेटेड 15 August 2025 at 12:26 IST

Independence Day 2025: PM मोदी ने 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से फहराया तिरंगा, बनाया ये नया रिकॉर्ड

Independence Day 2025: पीएम मोदी ने 12वीं बार लाल किला की प्राचीर से तिरंगा फहराया। इसके साथ ही उन्होंने इंदिरा गांधी का एक रिकॉर्ड तोड़ा और एक नया रिकॉर्ड बनाया।

Independence Day 2025
पीएम मोदी के भाषण ने तोड़ा रिकॉर्ड | Image: ANI

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से लगातार 12वीं बार झंडा फहराने के बाद भाषण दिया। पीएम मोदी ने 103 मिनट का भाषण देकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उन्होंने 2024 में लाल किले से 98 मिनट का भाषण दिया था। वहीं पीएम मोदी ने एक मामले में भारत की पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

दरअसल, पीएम मोदी से पहले इंदिरा गांधी ने लगातार 11 बार तिरंगा फहराया था। इस बार पीएम मोदी ने लाल किला पर झंडा फहराकर इस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। लाल किले से सबसे ज्यादा बार झंडा फहराने के रिकॉर्ड में अब भी भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू सबसे आगे हैं। उन्होंने लगातार 17 बार लाल किले पर तिरंगा फहराया था।

2015 में ही तोड़ा था सबसे लंबे भाषण का रिकॉर्ड

2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पीएम बने थे और 2015 में ही उन्होंने लाल किले से सबसे लंबा भाषण देने का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 2015 में पीएम मोदी ने 88 मिनट का सबसे लंबा भाषण दिया था। पीएम मोदी ने इस साल देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के 72 मिनट के भाषण का रिकॉर्ड तोड़ा था।

PM मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें

अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। आइए जानते हैं कि उनके भाषण की 10 बड़ी बातें क्या थी।

Advertisement
  • भारत के कोने-कोने से गूंजा मातृभूमि का जयगान- भारत का हर कोना, चाहे वह तपता हुआ रेगिस्तान हो या बर्फ से ढकी हिमालय की चोटी। आज एक ही आवाज में बोल रहा है, एक ही जयकारा कर रहा है। 'जय हो हमारी मातृभूमि की' यह वह मातृभूमि है, जो हमें प्राणों से भी प्यारी है। वहीं पीएम मोदी ने आजाद भारत को दिशा देने के लिए संविधान सभा के सदस्यों के बारे में कहा कि उन लोगों ने एक बड़ा और ऐतिहासिक दायित्व निभाया। उन्होंने ऐसा संविधान रचा।
  • ऑपरेशन सिंदूर के वीर जांबाजों को किया सैल्यूट- आज लाल किले पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के वीर सपूतों को सलाम किया। उन्होंने गर्व से कहा, 'आज मुझे लाल किले से उन जांबाजों को सैल्यूट करने का अवसर मिला, जिन्होंने देश के दुश्मनों को उनकी सोच से भी परे जाकर जवाब दिया।
  • परमाणु ब्लैकमेल अब नहीं सहा जाएगा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश की सुरक्षा और आत्मसम्मान को लेकर बेहद कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'हमने अब एक नया नॉर्मल स्थापित किया है। आतंकवाद और उसे समर्थन देने वालों को हम अब अलग नहीं मानते हैं। ये दोनों मानवता के समान दुश्मन हैं, और इनके साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।'
  • पीएम मोदी ने सिंधु जल समझौते को लेकर कही ये बात- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सिंधु जल समझौते को लेकर देशवासियों की भावनाएं सामने रखीं। उन्होंने कहा कि अब देश को समझ आने लगा है कि यह समझौता कितना एकतरफा रहा है। भारत की नदियों का पानी सालों से उस धरती को सींच रहा है, जो हमारे खिलाफ साजिशें रचती है और मेरे देश की जमीन मेरे किसान पानी की एक-एक बूंद को तरसते रहे।
  • राष्ट्र की शक्ति का आधार है आत्मनिर्भरता- आत्मनिर्भरता का मतलब सिर्फ आयात-निर्यात, पैसों या डॉलर से नहीं जुड़ा होता है। यह हमारी क्षमता,आत्मबल से जुड़ी हुई भावना है।
  • 2030 तक क्लीन एनर्जी का संकल्प- पीएम मोदी ने कहा हमने यह ठान लिया था कि 2030 तक भारत क्लीन एनर्जी की दिशा में बड़ा बदलाव लाएगा। आज गर्व के साथ कह सकते हैं कि हम अपने लक्ष्य का 50% हिस्सा पहले ही पूरा कर चुके हैं।
  • सोलर से लेकर परमाणु तक,हर क्षेत्र में क्रांति- पीएम मोदी ने कहा आज भी भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए कई देशों पर निर्भर है। हर साल हमें लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करके पेट्रोल, डीजल और गैस विदेशों से मंगवाने पड़ते हैं। यह न केवल आर्थिक बोझ है, बल्कि हमारी ऊर्जा सुरक्षा के लिए भी एक बड़ी चुनौती है।
  • 2030 का लक्ष्य 2025 में ही हासिल- जब दुनिया ग्लोबल वॉर्मिंग और जलवायु परिवर्तन को लेकर चिंता जताती है तो मैं पूरे विश्व को यह संदेश देना चाहता हूं कि भारत सिर्फ बातें नहीं करता,वह करके दिखाता है। हमने यह संकल्प लिया था कि 2030 तक अपनी ऊर्जा का 50% हिस्सा स्वच्छ स्रोतों से प्राप्त करेंगे।
  • पीएम मोदी ने किया युवाओं से आह्वान- पीएम मोदी ने कहा मैं आज लाल किले की प्राचीर से देश के युवाओं, इंजीनियरों और तकनीकी पेशेवरों से एक सीधा आह्वान करता हूं कि क्या हम अपना ‘मेड इन इंडिया’ फाइटर जेट इंजन नहीं बना सकते? बिलकुल बना सकते हैं और अब बनना ही चाहिए।
  • अब भारत बनाए अपना जेट इंजन- आज मैं लाल किले की प्राचीर से देश के युवाओं, इंजीनियरों और प्रोफेशनल्स से एक गर्व भरा सवाल पूछना चाहता हूं कि क्या हमारे देश का खुद का मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन नहीं होना चाहिए? अब वक्त आ गया है कि हमारे लड़ाकू विमानों के लिए इंजन भी पूरी तरह स्वदेशी हो हमारे देश की ताकत,तकनीक और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

इसे भी पढ़ें: '140 करोड़ देशवासियों का एक ही मकसद होना चाहिए- समृद्ध भारत, नई पीढ़ी इसके लिए कदम उठाए', लाल किले की प्राचीर से PM मोदी का आह्वान

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 15 August 2025 at 12:22 IST