PM Modi: 2030 तक पेट्रोल में होगा 20 प्रतिशत इथेनॉल का मिश्रण, PM मोदी ने युवा संवाद में बताया पूरा प्लान
PM Modi: PM मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित युवा नेता संवाद 2025 कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि 2030 तक पेट्रोल में 20% इथेनॉल होगा।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

PM Modi News: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित भारत युवा नेता संवाद 2025 कार्यक्रम में हिस्सा लिया। युवाओं को संदेश देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि भारत की युवा शक्ति भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएगी। डेटा की गणना करने वाले लोग सोच सकते हैं कि यह असंभव है, लेकिन मैं जानता हूं कि यह लक्ष्य भले ही बड़ा हो, असंभव नहीं है।
पीएम मोदी ने भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “1930 के दशक में अमेरिका भीषण आर्थिक संकट में फंस गया था। तब अमेरिका की जनता ने ठाना की हमें इससे बाहर निकलना है और तेज गति से आगे बढ़ना है। अमेरिका न केवल उस संकट से निकला बल्कि उसने विकास की रफ्तार को कई गुना ज्यादा तेज करके दिखाया... एक समय था जब सिंगापुर बेहाल था... सिंगापुर को सही नेतृत्व मिला और जनता के साथ मिलकर सबने तय किया कि हम अपने देश को विकसित राष्ट्र बनाएंगे... कुछ ही सालों में सिंगापुर एक ग्लोबल फाइनेंशियल और ट्रेड हब बनकर छा गया। दुनिया में ऐसी बहुत सारी घटनाएं हैं... हमारे देश में भी अनेक ऐसे उदाहरण रहे हैं... बड़े सपने देखना बड़े संकल्प लेना और उन्हें तय समय में पूरा करना असंभव नहीं है... बिना लक्ष्य के जीवन नहीं हो सकता है... जब सामने बड़ा लक्ष्य होता है तो हम पूरी ताकत उसे पाने के लिए लगा देते हैं और आज का भारत यही कर रहा है।”
2030 तक पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य है: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने 2030 तक पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य तय कर रखा है, हम उससे पहले ही यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे। युवाओं में जोश भरने के लिए पीएम मोदी ने कहा, "भारत की युवा शक्ति की ऊर्जा से आज ये भारत मंडपम भी ऊर्जा से भर गया है, ऊर्जावान हो गया है। आज पूरा देश स्वामी विवेकानंद जी को याद कर रहा है, उन्हें प्रणाम कर रहा है। स्वामी विवेकानंद जी को देश के नौजवानों पर बहुत भरोसा था। स्वामी जी कहते थे कि मेरा विश्वास युवा पीढ़ी में है, नई पीढ़ी में है। स्वामी जी कहते थे कि मेरे कार्यकर्ता नौजवान पीढ़ी से आएंगे और वो हर समस्या का समाधान निकालेंगे। जैसे विवेकानंद जी का आप पर भरोसा था, मेरा विवेकानंद जी पर भरोसा है, मुझे उनकी कही हर बात पर भरोसा है।"
मेरे देश के नौजवानों के साथ 'परम मित्र' वाला नाता है: PM मोदी
उन्होंने कहा कि मेरा, मेरे देश के नौजवानों के साथ 'परम मित्र' वाला नाता है, वही रिश्ता है और मित्रता की सबसे मजबूत कड़ी होती है 'विश्वास'। मुझे आप पर बहुत विश्वास है और इसी विश्वास ने मुझे MYBharat.com के गठन की प्रेरणा दी, इसी विश्वास ने Viksit Bharat Young Leaders Dialogue का आधार बनाया। मेरा विश्वास कहता है कि युवा शक्ति का सामर्थ्य भारत को जल्द से जल्द विकसित राष्ट्र बनाएगा।