अपडेटेड 24 March 2026 at 14:52 IST

'मेक इन इंडिया' के तहत जहाज बनाने के लिए भारत ने 70 हजार करोड़ का अभियान शुरू किया, जंग के बीच PM मोदी का बड़ा ऐलान

पीएम मोदी ने राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान बताया कि बीते वर्षों में सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि हर सेक्टर में दूसरे देशों पर निर्भरता कम से कम हों। मेड इन इंडिया जहाज बनाने के लिए करीब 70 हजार करोड़ रुपए का अभियान शुरू किया है।

PM Modi
PM Modi in Rajya Sabha | Image: Video Grab

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी तनाव की वजह देश में उपजे गंभीर ऊर्जा संकट पर मंगलवार को राज्यसभा में अपनी बात रखी। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन सप्ताह से अधिक का समय हो चुका है। इस युद्ध ने पूरे विश्व में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। भारत के लिए भी ये स्थिति चिंताजनक है। मगर भारत कठिनाईयों से लड़ना भी जानता है।

पीएम मोदी ने सदन में बताया कि  इस युद्ध से हमारे व्यापार के रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। इससे पेट्रोल, डीजल, गैस और फर्टिलाइजर्स जैसे जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित हो रही है। गल्फ के देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं। उनके जीवन और आजीविका की सुरक्षा भी भारत के लिए बहुत बड़ी चिंता है।

डायलॉग और डिप्लोमेसी से शांति बहाल हो-PM मोदी

पीएम मोदी ने राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान बताया कि युद्ध की शुरुआत के बाद से मैंने पश्चिम एशिया के ज्यादातर देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ दो राउंड फोन पर बात की है। हम गल्फ के सभी देशों के साथ लगातार बातें कर रहे हैं।  हम ईरान, इजराइल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं। हमारा लक्ष्य, डायलॉग और डिप्लोमेसी के माध्यम से क्षेत्र में शांति की बहाली का है।

देश में 70 हजार करोड़ जहाज बनाने का अभियान

राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बीते वर्षों में सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि हर सेक्टर में दूसरे देशों पर निर्भरता कम से कम हों। हम ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर हों। यही एकमात्र विकल्प है। जैसे भारत का 90 प्रतिशत से अधिक ट्रेड विदेशी जहाजों पर होता है। ये स्थिति किसी भी वैश्विक संकट में भारत की स्थिति को और भी गंभीर बना देती है। इसलिए सरकार ने मेड इन इंडिया जहाज बनाने के लिए करीब 70 हजार करोड़ रुपए का अभियान शुरू किया है।

Advertisement

नहीं होगी देशवासियों तेल, गैस की किल्लत

पीएम मोदी ने देश में चल रहे ऊर्जा संकट पर कहा कि मैं सदन और देश को आश्वासन देना चाहता हूं कि भारत के पास क्रूड ऑयल के पर्याप्त स्टोरेज और निरंतर सप्लाई की व्यवस्थाएं हैं। हमारी सरकार की कोशिश है कि ईंधन के किसी एक ही स्रोत पर ज्यादा निर्भरता न रहे।  सरकार घरेलू गैस सप्लाई में LPG के अलावा PNG पर भी बल दे रही है। कोई भी संकट हो, हमारे हौसलों और प्रयास दोनों की परीक्षा लेता है। देश ऐसे संकटों का बेहतर तरीके से सामना कर सके, इसके लिए बीते 11 वर्षों में निरंतर निर्णय लिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: 'मिडिल ईस्ट में 1 करोड़ भारतीय रहते हैं, उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता'

Advertisement

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 24 March 2026 at 14:52 IST