'भारत और स्विट्जरलैंड ग्लोबल पीस और स्थिरता के लिए मिलकर काम करते रहेंगे, चाहे रूस-यूक्रेन युद्ध हो या पश्चिम एशिया...', बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का भारत में स्वागत करते हुए कहा, “मुझे बहुत खुशी हो रही है। सबसे पहले मैं भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं।“
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 4 min read

भारत और स्विट्जरलैंड के द्विपक्षीय संबंधों में सोमवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। यहां हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक, विज्ञान और रोजगार जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वार्ता का मुख्य फोकस दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर रहा। इस दौरान भारत और स्विस परिसंघ के बीच MoU का आदान-प्रदान हुआ।
राष्ट्रपति पारमेलिन अपनी पत्नी कैरोलिन पारमेलिन के साथ पहले राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया।
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का पीएम मोदी ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का भारत में स्वागत करते हुए कहा, “मुझे बहुत खुशी हो रही है। सबसे पहले मैं भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं। पिछले वर्ष उनके समर्थन से हमने भारत और यूरोपीय फ्री ट्रेड एसोसिएशन (EFTA) देशों के बीच एक ऐतिहासिक व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता लागू किया। यह यूरोप के किसी भी आर्थिक गुट के साथ भारत का पहला मुक्त व्यापार समझौता (FTA) है।”
भारत और स्विट्जरलैंड की मित्रता सदियों पुरानी-PM मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, "भारत और स्विट्जरलैंड की मित्रता सदियों पुरानी है। 19वीं सदी में स्वामी विवेकानंद ने स्विट्जरलैंड में हिमालय की झलक देखी थी। महात्मा गांधी ने भी स्विट्जरलैंड में समय बिताया और वहां के लोगों से संवाद किया। इन ऐतिहासिक यात्राओं की स्मृतियां आज भी हमारी मित्रता में गूंजती हैं। आज, इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी हमारी साझेदारी के मजबूत स्तंभ हैं।"
Advertisement
दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार को लेकर पीएम ने क्या कहा?
दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार और निवेश को लेकर पीएम मोदी ने कहा, "हमने भारत के निर्यात का स्विट्जरलैंड में मार्केट एक्सेस बढ़ाने और दोनों देशों के बीच निवेश को और सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इससे भारत के कृषि, फार्मा, कपड़ा और इंजीनियरिंग के सामान का स्विट्जरलैंड में निर्यात बढ़ेगा। साथ-साथ, भारत के बायोटेक, लाइफ साइंसेज, बैंकिंग, इनश्योरेंस, फूड प्रोसेसिंग और सस्टेनेबिलिटी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हम नए स्विस इनवेस्टमेंट को आकर्षित करेंगे।"
ग्लोबल पीस के लिए मिलकर काम करते रहेंगे-PM मोदी
रूस-यूक्रेन जंग को लेकर पीएम मोदी ने कहा, भारत और स्विट्जरलैंड, दोनों ही वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन, बातचीत और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत ने हमेशा शांति प्रयासों का समर्थन किया है। हमारा यह भी मानना है कि वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है।