12 किलो वजनी यूपी का बाहुबली समोसा, 30 मिनट में खाने पर मिलेगा बड़ा ईनाम
कौशल ने बताया कि कड़ाही में समोसा सिर्फ तलने में डेढ़ घंटा लगता है और इस काम में तीन बावर्चियों की मेहनत लगती है।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

Bahubali Samosa: उत्तर प्रदेश अपने खान-पान को लेकर दुनिया भर में अलग ही पहचान रखता है, यहां आगरा का पेठा, तो लखनऊ की चाट, खुर्जा की खुरचन तो मथुरा के पेड़े, बनारस का पान तो मेरठ की रेवड़ी और गजक, खाने के शौकीनों के लिए जगहें किसी जन्नत से कम नहीं हैं। अपनी रेवड़ी और गजक के लिए मशहूर मेरठ आज कल ‘बाहुबली समोसे’ के लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग दूर-दूर से इस समोसे को खाने आ रहे हैं।
आलू, मटर, मसाले, पनीर और सूखे मेवों से तैयार नमकीन भरवां मिश्रण से बना 12 किलोग्राम वजनी यह समोसा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। इसे 30 मिनट में खाने वाले को 71,000 रुपए का इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है।
मेरठ के लालकुर्ती इलाके में इसकी दुकान है। दुकानदार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह समोसे को आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए कुछ अलग करना चाहते थे और इसलिए उनके मन में 12 किलोग्राम का बाहुबली ‘समोसा’ तैयार करने का विचार आया।
6 घंटे में बनता है ‘बाहुबली समोसा’
कौशल ने कहा कि लोग अपने जन्मदिन पर पारंपरिक केक के बजाय ‘बाहुबली’ समोसा काटते हैं। उन्होंने कहा कि 30 मिनट में इसे पूरा खाने पर 71,000 रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई है। इस समोसे को बनाने में कारीगरों को करीब 6 घंटे का समय लगता है।
Advertisement
समोसा तलने में लगता है 1.5 घंटा
कौशल ने बताया कि कड़ाही में समोसा सिर्फ तलने में डेढ़ घंटा लगता है और इस काम में तीन बावर्चियों की मेहनत लगती है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बाहुबली समोसे ने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और फूड ब्लॉगर का भी ध्यान खींचा है। मेरठ के लोगों के अलावा देश के दूसरे हिस्सों के लोग भी इस समोसे के बारे में हमसे पूछते हैं। इस समोसे के लिए पहले से बुकिंग करानी पड़ती है।”
अलग करने की चाह में बना दिया 12 किलो का समोसा
दुकानदार ने आगे बताया, ‘‘मैं समोसे को खबरों में लाने के लिए कुछ अलग करना चाहता था। हमने ‘बाहुबली’ समोसा बनाने का फैसला किया। हमने चार किलोग्राम का समोसा और फिर आठ किलोग्राम का समोसा बनाकर शुरुआत की। इसके बाद हमने पिछले साल 12 किलोग्राम का समोसा तैयार किया।’’
Advertisement
इसे भी पढ़ें: Karan Deol Baraat: साजन जी घर आए पर Sunny Deol का डांस, मुंबई से जट करण की शादी का स्वैग देख रही दुनिया
उन्होंने कहा कि 12 किलोग्राम वजनी समोसे की कीमत करीब 1,500 रुपये है। विक्रेता ने दावा कि उन्हें अभी तक अपने बाहुबली समोसे के लिए करीब 40-50 ऑर्डर मिल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि यह देश का सबसे बड़ा समोसा है।