अपडेटेड 14 January 2026 at 20:31 IST
Til Mawa Gajak Recipe: मकर संक्रांति पर घर पर ही जमाएं मावा गजक, जानें वो आसान तरीका जो बाजार को भी कर देगा फेल
Til Mawa Gajak Recipe: मकर संक्रांति पर अगर आप तिल से कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो बाजार स्टाइल में ही अपने घर पर मावा गजक जमा सकते हैं। आइए आपको बताते हैं इसे जमाने का तरीका।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Til Mawa Gajak Recipe: मकर संक्रांति का नाम आते ही तिल और गुड़ से बनी मिठाइयों की खुशबू घर-घर फैलने लगती है। ठंड के मौसम में तिल से बनी चीजें न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती हैं, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद भी होती हैं। ऐसे में अगर आप इस बार बाजार की बजाय घर पर ही कुरकुरी और मलाईदार तिल मावा गजक बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है। सही तरीके से बनाई गई यह गजक स्वाद में इतनी बेहतरीन होती है कि एक बार इसे खाने के बाद बाजार की गजक भूल जाएंगे।
तिल मावा गजक बनाने के लिए जरूरी चीजें
घर पर तिल मावा गजक बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती है। इसके लिए सिर्फ आपको एक कप सफेद तिल, करीब 100 ग्राम मावा या खोया, स्वाद के अनुसार तीन चौथाई से एक कप पिसी हुई चीनी या गुड़, एक से दो बड़े चम्मच घी, आधी छोटी चम्मच इलायची पाउडर और ऊपर से सजाने के लिए थोड़े से कटे हुए बादाम या पिस्ता चाहिए होता है।
तिल मावा गजक बनाने का सही तरीका
- सबसे पहले सफेद तिल को नॉनस्टिक कड़ाही में धीमी आंच पर सूखा भून लें। तिल को लगातार चलाते रहें ताकि वे जले नहीं। जैसे ही हल्की खुशबू आने लगे और रंग थोड़ा बदल जाए, गैस बंद कर दें। तिल को प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें, ताकि इसे पीसते समय सही टेक्सचर मिले।
- अब उसी कड़ाही में थोड़ा सा घी डाल दें। घी गर्म होने के बाद उसमें मावा डालकर धीमी आंच पर भूनें। करीब तीन से चार मिनट तक मावे को चलाते रहें। जब मावा नरम हो जाए और किनारों से हल्का घी छोड़ने लगे, तब समझ लें कि मावा तैयार है। अब इसे भी एक प्लेट में निकाल लें।
- ठंडे हो चुके तिल को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। अब भुने हुए मावे में पिसी हुई चीनी या कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें और धीमी आंच पर पकाएं।
- जब चीनी या गुड़ पूरी तरह घुल जाए, तब इसमें इलायची पाउडर और पिसा हुआ तिल डालकर अच्छे से मिलाएं। इस पूरे मिक्चर को तब तक पकाएं जब तक वह नरम आटे जैसा न हो जाए और कड़ाही छोड़ने लगे।
- इस पूरे मिक्चर को तुरंत घी लगी थाली में फैला दें। ऊपर से कटे हुए मेवे डालकर हल्का दबाएं। जब पूरा मिक्चर हल्का गुनगुना हो, तभी चाकू से निशान लगा लें। पूरी तरह ठंडा होने के बाद गजक को टुकड़ों में काट लें। इसे एयरटाइट डिब्बे में रखकर कई दिनों तक आराम से खाया जा सकता है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 14 January 2026 at 20:31 IST