Cooker Tandoori Roti Recipe: प्रेशर कूकर में 5 मिनट में बनाएं ढाबे वाली तंदूरी रोटी, जल्दी से नोट कर लें तरीका
Cooker Tandoori Roti Recipe: तंदूरी रोटी किसे नहीं पसंद होती है, लेकिन इसे खाने के लिए अब बाहर जाने की कोई जरूरत नहीं होगी। घर पर ही पांच मिनट में वो भी प्रेशर कूकर में बन जाएगी ढाबा स्टाइल तंदूरी रोटी। नोट करें तरीका।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

Cooker Tandoori Roti Recipe: प्रेशर कुकर में ढाबा स्टाइल में तंदूरी रोटी बनाना बहुत ही आसान है। ये रेसिपी उनके लिए खास है, जो लोग घर पर ही होटल जैसा खाने का स्वाद चाहते हैं। बिना तंदूर के आप भी मिनटों में नरम और फूली हुई रोटियों को तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको घर में ही इस्तेमाल होने वाले प्रेशर कुकर को लेना है। साथ में कुछ स्टेप्स को ध्यान में रखना जरूरी है।
दूरी रोटी के लिए जरूरी सामग्री
- दो कप गेहूं का आटा
- आधा कप मैदा
- आधा चम्मच नमक
- एक छोटा चम्मच चीनी
- दो बड़े चम्मच दही
- एक चम्मच घी या तेल
- आधा चम्मच बेकिंग सोडा
- गुनगुना पानी आटा गूंथने के लिए
- बारीक कटा हरा धनिया और कलौंजी
तंदूरी रोटी बनाने का तरीका
- तंदूरी रोटियां बनाने के लिए सबसे एक बड़े बर्तन में छना हुआ आटा लें। उसमें नमक, चीनी, बेकिंग सोडा, दही और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- सब चीजों से मिक्स आटे को गुनगुने पानी से नरम- नरम गूंथ लें। इसे कम से कम 20- 25 मिनट तक एक गीले कपड़े से ढककर छोड़ दें।
- जब समय पूरा हो जाए उसके बाद आटे की लोइयां बनाकर उन्हें अपनी पसंद के अनुसार गोल या फिर ओवल शेप में बेलन की मदद से बेल लें।
- बेली हुई रोटी के एक तरफ थोड़ा सा पानी लगा दें। फिर उसपर कलौंजी या फिर धनिया पत्तों को चिपका दें।
- साथ में गैस पर प्रेशर कुकर को उल्टा करके तेज आंच पर कुछ मिनट के लिए गर्म होने के लिए छोड़ दें।
- कुकर गर्म होने के बाद रोटी के जिस तरफ पानी लगाया था, उस तरफ से इसे कुकर की अंदरूनी हिस्से पर चिपका दें।
- जब रोटी में छोटे- छोटे बुलबुले दिखने लगें, तब कुकर को सावधानी से पलट दें और सीधी आंच पर रोटी को चारों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें।
- रोटी सिक जाने के बाद इसे चिमटे की मदद से निकाल लें।
तंदूरी रोटी खाने का तरीका
इस तरीके से बनी हुई तंदूरी रोटी बाहर से कुरकुरी होती हैं और अंदर से नरम रहती हैं। सबसे खास बात ये होती है कि कुकर में बनी रोटियों में वही सोंधापन आता है, जो कोयले के तंदूर में सिकीं हुई रोटियों में मिलता है। इन रोटियों में मक्खन या देशी घी लगाकर अपनी पसंद की सब्जी के साथ परोसें।