अपडेटेड 15 February 2026 at 18:17 IST
Pest Control Tips: बिना केमिकल ही चूहे से कॉकरोच तक सब भागेंगे घर से दूर, अपनाएं ये आसान देसी नुस्खे
Pest Control Tips: अगर आपके घर में चूहों से लेकर कॉकरोच तक ने आतंक मचा रखा है, तो आप इन्हें दूर भगा सकते हैं। बस आपको इन देसी नुस्खों को अपनाने की जरूरत है।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Pest Control Tips: घर में चूहे, कॉकरोच, छिपकलियां और चीटियां समस्याओं को बढ़ा देती हैं। खासकर रात के समय चूहें बहुत ही ज्यादा आतंक मचा कर रखते हैं। रसोई में कॉकरोच घूमने लगते हैं, गर्मियों में छिपकलियों का डर और मिठाई पर चीटियों का हमला लोगों को परेशान कर देता है। ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार से केमिकल स्प्रे खरीद लेते हैं, लेकिन ये दवाएं बच्चों और परिवार की सेहत पर बुरा असर भी डाल सकती हैं। अगर आप सेफ और नेचुरल तरीकों को अपनाना चाहते हैं तो कुछ आसान देसी उपाय मदद कर सकते हैं। आइए आपको बताते हैं इन देसी तरीकों के बारे में...
पुदीने का तेल भगाएगा चूहे
घर में चूहों की आवाजाही से सामान और खाने की चीजें खराब होने लगती हैं। पुदीने का तेल इस समस्या का आसान समाधान माना जाता है। इसके लिए रुई या कपड़े में थोड़ा सा पुदीने का तेल लगाकर उसे उन जगहों पर रख दें जहां चूहे ज्यादा आते हैं। पुदीने की तेज गंध चूहों को पसंद नहीं होती और वे धीरे-धीरे उस जगह से दूर रहने लगते हैं।
तेज पत्ता से दूर होंगे कॉकरोच
रसोई में कॉकरोच होना गंदगी और बीमारियां फैलाने का कारण बन सकता है। सूखा तेज पत्ता कॉकरोच को दूर रखने में मददगार होता है। अलमारी, गैस स्टोव के पास या किचन के कोनों में तेज पत्ता रख दें। इसकी खुशबू कॉकरोच को रसोई से दूर रखती है और कुछ दिनों में फर्क नजर आने लगता है।
प्याज और लहसुन से छिपकलियों को करें दूर
गर्मियों में छिपकलियों की समस्या बढ़ जाती है। इनसे छुटकारा पाने के लिए प्याज और लहसुन का इस्तेमाल किया जा सकता है। घर के कोनों, सिंक के नीचे और खिड़कियों के पास प्याज के टुकड़े या लहसुन की कलियां रख दें। इनकी तेज गंध छिपकलियों को दूर रखने में मदद करती है और घर ज्यादा सुरक्षित महसूस होता है।
Advertisement
नींबू का रस भगाएगा चीटियां
मीठी चीजों पर चीटियों का हमला आम बात है। जहां-जहां चीटियां दिखाई दें, वहां थोड़ा सा नींबू का रस डाल दें। नींबू की खटास और तेज खुशबू से चीटियां भाग जाती हैं और दोबारा आने से भी बचती हैं। यह उपाय खासतौर पर किचन और मिठाई रखने वाली जगहों पर बेहद असरदार माना जाता है।
कपूर से दूर होंगे मच्छर और छोटे कीड़े
घर में मच्छर और छोटे कीड़े भी बड़ी परेशानी बन जाते हैं। ऐसे में कपूर एक पुराना और कारगर घरेलू उपाय है। रात के समय कपूर का छोटा टुकड़ा जलाकर कमरे में कुछ देर के लिए रख दें। इसकी तेज खुशबू से मच्छर और छोटे कीड़े दूर हो जाते हैं और घर की हवा भी ताजा महसूस होती है।
Advertisement
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 15 February 2026 at 18:17 IST