अपडेटेड 4 January 2026 at 23:46 IST

Dahi Kaise Jamaye: सर्दियों में दही जमाने का क्या है सही तरीका? न करें ये गलती, हर बार बनेगा गाढ़ी और मलाईदार

Easy Yogurt Making Method: सर्दियों में क्या आपका भी दही सही से नहीं जमता है, तो आइए आपको बताते हैं इसे जमाने का सही तरीके के बारे में...

Easy Yogurt Making Method
Easy Yogurt Making Method | Image: Freepik

Easy Yogurt Making Method: दही इंडियन रसोई का ऐसा हिस्सा है, जिसके बिना खाना अधूरा सा लगता है। यह न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि पाचन तंत्र को मजबूत करने और शरीर को ठंडक देने में भी मदद करता है। हालांकि ठंड के मौसम में अक्सर लोगों को शिकायत रहती है कि दही ठीक से नहीं जमती या फिर जल्दी खट्टी हो जाती है। इसकी सबसे बड़ी वजह दही जमाने का सही तरीका न अपनाना है। अगर कुछ आसान बातों का ध्यान रखा जाए, तो सर्दियों में भी घर पर गाढ़ी, ताज़ा और स्वादिष्ट दही आसानी से जमाई जा सकती है। आइए आपको बताते हैं सर्दियों में दही जमाने का सही तरीका।

दही जमाने के लिए जरूरी चीजें

घर पर दही जमाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती हैं। इसके लिए फुल क्रीम या टोंड दूध, पहले से जमी हुआ ताजा दही और एक साफ व सूखा बर्तन होना जरूरी है। जामन जितना ताजा होगा, दही उतनी ही अच्छी जमेगी। दही जमाने की प्रक्रिया की शुरुआत दूध से होती है। सबसे पहले दूध को तेज आंच पर अच्छी तरह उबाल लें। उबाल आने के बाद इसे 2 से 3 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। इससे दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाता है और दही जमने के बाद उसकी टेक्सचर बेहतर रहती है। 
दूध को उबालने के बाद पूरी तरह ठंडा नहीं करना चाहिए। जब दूध इतना गुनगुना हो जाए कि उसमें उंगली डालने पर हल्की गर्माहट महसूस हो, तब वही दही जमाने के लिए सही समय होता है। बहुत गर्म दूध में जामन डालने से दही खराब हो सकती है, जबकि ठंडे दूध में दही जमती नहीं है।

जामन मिलाते वक्त रखें ये सावधानियां

गुनगुने दूध में 1 से 2 चम्मच ताजा दही डालें और हल्के हाथ से अच्छी तरह मिला दें। ध्यान रखें कि जामन खट्टा न हो, क्योंकि खट्टा जामन डालने से नई दही भी जल्दी खट्टी हो जाती है। जामन मिलाने के बाद बर्तन को ढककर किसी गर्म जगह पर रखें। सर्दियों में दही जमने में 8 से 10 घंटे तक का समय लग सकता है, जबकि गर्मियों में यह 5 से 6 घंटे में जम जाती है। ठंड के मौसम में दही को कुकर, माइक्रोवेव या किसी बंद और हल्की गर्म जगह पर रखना बेहतर रहता है।

गाढ़ी और परफेक्ट दही के लिए खास टिप्स

जब दही अच्छी तरह जम जाए, तो उसे तुरंत फ्रिज में रख दें। इससे दही का स्वाद बना रहता है और वह जल्दी खट्टी नहीं होता है। फ्रिज में रखने से दही ज्यादा समय तक ताजा भी बना रहता है। इसे जमाने के लिए मिट्टी या स्टील के बर्तन का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है। दूध जितना गाढ़ा होगा, दही भी उतनी ही मलाईदार जमती है। बहुत ज्यादा जामन डालने से बचें, क्योंकि इससे दही जल्दी खट्टी हो सकता है। 

Advertisement

यह भी पढ़ें: एक महीने बाद भी नहीं थमी 'धुरंधर' की रफ्तार, किया शानदार कलेक्शन

Published By : Kirti Soni

पब्लिश्ड 4 January 2026 at 23:46 IST