Dried Tomatoes: घर पर बनाएं महीनों चलने वाले सूखे टमाटर, महंगाई में बच जाएंगे पैसे, जानिए आसान रेसिपी
Dried Tomatoes: महंगाई में अगर आपको पैसे बचाने हैं, तो घर पर ही टमाटर को सुखाकर रख सकते हैं, जो महीनों चलेंगे। आइए आपको बतात हैं इसकी आसान रेसिपी के बारे में...
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

How To Make Dried Tomatoes At Home: बाजार में टमाटर की कीमत अचानक से जब बढ़ जाती है, तो लोग जरूरत पड़ने पर भी उसे सब्जी में कम ही यूज करते हैं। जब टमाटर सस्ते में मिलते हैं, तो कभी-कभी घर में जरूरत से ज्यादा टमाटर आ जाने पर खराब होने लगते हैं। ऐसे में टमाटर को फेंकने के बजाय आप उन्हें सुखाकर लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं। यह तरीका न केवल पैसों की बचत करता है बल्कि रसोई में हमेशा टमाटर का स्टॉक बनाए रखने में भी मदद करता है। टमाटर को धूप में सुखाकर तैयार किए गए ड्राइड टोमैटो कई महीनों तक खराब नहीं होते। इनका इस्तेमाल सब्जी, तड़का, पास्ता, सॉस या स्नैक्स में स्वाद बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। आइए आपको बताते हैं कि टमाटर को आप घर पर सुखाकर महीनों तक कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
टमाटर के सुखाने के लिए क्या-क्या सामग्री चाहिए
घर पर सूखे टमाटर बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती है। इसके लिए एक किलो ताजे टमाटर और एक से दो छोटा चम्मच नमक ही काफी होता है।
घर पर सूखे टमाटर बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले ताजे और पके हुए टमाटरों को साफ पानी से दो से तीन बार अच्छी तरह से धो लें। इसके बाद उन्हें साफ कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें। अब टमाटरों को पतले स्लाइस में काट लें। चाहें तो इन्हें लंबाई में दो या चार टुकड़ों में भी काट सकते हैं।
- कटे हुए टमाटरों को एक बड़ी प्लेट या ट्रे में फैला दें और ऊपर से हल्का नमक छिड़क दें। इसके बाद सूती कपड़ा, जालीदार ट्रे या स्टील की छलनी पर टमाटरों को थोड़ी दूरी बनाकर रखें। अब इन्हें तेज धूप में रख दें।
- हर दिन टमाटरों को एक बार पलटना जरूरी होता है, ताकि वे दोनों तरफ से अच्छे से सूख जाएं। रोजाना लगभग छह से सात घंटे की धूप में रखने के बाद कुछ दिनों में टमाटर पूरी तरह सूख जाएंगे।
सूखे टमाटर को स्टोर करने का सही तरीका
जब टमाटर अच्छी तरह सूख जाएं और उनमें नमी बिल्कुल न बचे, तब उन्हें ठंडा करके साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे या कांच के जार में भरकर रख लें। इस तरह आप टमाटर को कई महीनों तक सुरक्षित रख सकते हैं। अगर घर में टमाटर ज्यादा आ जाएं या बाजार में कीमतें बढ़ जाएं, तो यह आसान घरेलू तरीका आपके बहुत काम आ सकता है।