Banana Tuk Recipe: कच्चे केले से बनाएं कुरकुरे टुक, फटाफट नोट कर लें बनाने की आसान विधि
Banana Tuk Recipe: क्या आपने ट्राई किया है कच्चे केले से कुरकुरे टुक? अगर नहीं, तो फटाफट नोट कर लें इसे बनाने का आसान तरीका। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को आएंगे पसंद।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Banana Tuk Recipe: आलू के टुक के बारे में तो आपने सुना होगा और शायद खाया भी होगा, लेकिन क्या आपने कभी कच्चे केले के टुक चखे हैं। कच्चे केले हेल्थ के लिए भी बेहतर होते हैं क्योंकि इनमें स्टार्च की मात्रा कम पाई जाती है। यदि आपके घर में लोग कच्चा केला देखकर नापसंद करते हैं, तो उन्हें एक बार यह क्रिस्पी डिश खिलाकर देखें। ये टुक बाहर से चिप्स की तरह कुरकुरे और अंदर से हल्के नर्म होते हैं। इन्हें हरी चटनी के साथ परोसकर आप एक बेहतरीन इवनिंग स्नैक्स का आनंद ले सकते हैं।
बता दें कि इसे बनाने में आपको ज्यादा समय भी नहीं लगेगा। तीन से चार लोगों के लिए इसे तैयार करने में मात्र 25 मिनट का समय लगता है। पूरी प्रोसेस बहुत ही सरल और आसान है, जिसमें पहले केलों को हल्का उबालना है और फिर सुनहरा होने तक तलकर मसालों के साथ मिला लेना है।
कच्चे केले के टुक बनाने की सामग्री
इस डिश को तैयार करने के लिए आपको आधा किलो कच्चे केले, तलने के लिए तेल, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच चाट मसाला, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच अमचूर पाउडर और स्वादानुसार नमक की आवश्यकता होती है।
स्टेप बाय स्टेप रेसिपी
- सबसे पहले कच्चे केलों को अच्छी तरह धो लें और उबलते पानी में थोड़ा पका लें, ध्यान रहे कि इन्हें पूरी तरह से नहीं गलाया जाना चाहिए।
- इसके बाद केलों को पानी से निकालें, छीलें और लगभग दो इंच के टुकड़ों में काट लें।
- एक कड़ाही में मध्यम गरम तेल लेकर केले के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक तलें और एक प्लेट में निकाल लें।
- तली हुई इन टुकड़ियों को किसी कटोरी या गिलास की तली से दबाकर चपटा करें। इसके बाद, इन चपटे किए गए टुकड़ों को दोबारा गर्म तेल में तलें, जिससे ये बाहर से पूरी तरह क्रंची और अंदर से नर्म बने रहें।
- लास्ट में एक बाउल में लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर और नमक को आपस में मिला लें और तैयार मसालों में फ्राइड टुकड़ों को डालकर अच्छी तरह टॉस करें। अब ये परोसने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कच्चे केले के टुक के बारे में...
यह टुक रेसिपी मूल रूप से सिंधी व्यंजन मानी जाती है। पारंपरिक रूप से सिंधी घरों में आलू टुक बनाए जाते हैं, लेकिन अरबी और कच्चे केले के टुक भी स्वाद में लाजवाब होते हैं। यदि आप इसे और ज्यादा हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो इसे डीप फ्राई करने के बजाय एयर-फ्रायर का उपयोग कर सकते हैं, जिससे तेल कम लगेगा और हेल्दी भी रहेगा।