अपडेटेड 25 January 2026 at 12:53 IST

How to Make Ghee: बाजार के घी पर भरोसा नहीं? घर पर प्रेशर कुकर से लेकर 3 आसान तरीकों से निकालें शुद्ध देसी घी

How to Make Ghee: बाजार में मिलने वाले घी पर अगर आपको भरोसा नहीं है, तो आप घर पर ही इन तीन आसान तरीकों से घी निकाल सकते हैं। आइए आपको बताते हैं।

homemade desi ghee
homemade desi ghee | Image: freepik

How to Make Ghee: देसी घी को सेहत का खजाना माना जाता है, लेकिन ये पूरी तरह से शुद्ध होना चाहिए। आज के समय में बाजार में मिलने वाले ज्यादातर घी में मिलावट की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में सेहत को लेकर सजग लोग घर पर ही देसी घी बनाना ज्यादा सुरक्षित मानते हैं। हालांकि, कई लोगों को ये प्रॉसेस काफी झंझट भरी लगती है। अगर आप भी इसी सोच में हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। यहां हम आपको घर पर देसी घी निकालने के कुछ बेहद आसान और असरदार तरीके बता रहे हैं।

घर के बने घी होता है अमृत

आयुर्वेद के अनुसार घर पर बना देसी घी शरीर के लिए एक हेल्दी फैट होता है। यह न केवल पाचन तंत्र को मजबूत करता है बल्कि स्किन को निखारने और बालों को पोषण देने में भी मदद करता है। बाजार में मिलने वाले घी की तुलना में घर का बना घी ज्यादा शुद्ध और खुशबूदार होता है। इसकी सोंधी महक पूरे घर को महका देती है, यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स भी घर का घी इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।

मलाई से मक्खन निकालकर घी बनाने का तरीका

यह तरीका सबसे पुराना और भरोसेमंद माना जाता है, जिसे दादी-नानी के जमाने से अपनाया जा रहा है। इस विधि से बना घी दानेदार और बेहद स्वादिष्ट होता है। इसके लिए आपको 10 से 12 दिनों तक दूध की अच्छी और मोटी मलाई फ्रिज या फ्रीजर में इकट्ठा करनी होगी। जब मलाई पर्याप्त मात्रा में हो जाए, तो उसे एक बड़े बर्तन में निकाल लें। सर्दियों में थोड़ा गुनगुना और गर्मियों में ठंडा पानी डालें। अब मथनी या ब्लेंडर की मदद से मलाई को मथें। कुछ देर बाद मक्खन ऊपर तैरने लगेगा। इसे अलग निकालकर ठंडे पानी से दो बार धो लें। इससे घी जल्दी बनता है और जलने का खतरा भी कम रहता है। अब इस मक्खन को भारी तले की कड़ाही में धीमी आंच पर गरम करें। जब झाग खत्म हो जाए और सुनहरा, पारदर्शी घी नजर आने लगे तो गैस बंद कर दें और घी को छानकर स्टोर कर लें।

सीधे मलाई से घी बनाने का आसान तरीका

अगर आपके पास समय की कमी है तो यह तरीका आपके लिए सबसे बेहतर है। इसमें मक्खन निकालने की जरूरत नहीं होती। इसके लिए मलाई को सीधे कड़ाही में डालकर मध्यम आंच पर रख लें। लगातार चलाते रहें ताकि मलाई तले में न चिपके। जब मलाई उबलने लगे तो इसमें एक चुटकी नमक या फिर नींबू के रस की दो बूंदें डाल दें। इससे घी जल्दी अलग होने लगता है। कुछ देर बाद आपको भूरे रंग का ठोस पदार्थ दिखाई देगा और ऊपर साफ घी तैरता नजर आएगा। इस स्टेज पर गैस बंद कर दें और घी को छान लें।

Advertisement

प्रेशर कुकर में झटपट घी बनाने का तरीका

अगर आप और भी कम समय में घी बनाना चाहते हैं तो प्रेशर कुकर का तरीका काफी कारगर है। कुकर में मलाई के साथ थोड़ा सा पानी डालें और ढक्कन बंद कर दें। मीडियम आंच पर 1 से 2 सीटी आने दें। इसके बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें। ढक्कन खोलकर पूरे मिक्चर को 5 से 7 मिनट तक तेज आंच पर खुला पका लें।जैसे ही घी अलग होता दिखाई दे, तुरंत गैस बंद कर दें क्योंकि कुकर की गर्मी से घी जल्दी जल सकता है। इसके बाद घी को छानकर सेफ तरीके से रख लें।

यह भी पढ़ें: बंद नाक और थकान को न करें नजरअंदाज, इस बड़ी बीमारी के हो सकते हैं संकेत

Advertisement

Published By : Kirti Soni

पब्लिश्ड 25 January 2026 at 12:53 IST