Holi Food: होली के दिन घर पर बनाएं बाजार से भी बेहतर दही भल्ले, नोट कर लें आसान रेसिपी
होली पर स्पेशल स्पंजी दही भल्ले बनाए जा सकते हैं। खास रेसिपी से नरम भल्ले और मीठी-तीखी चटनी बनेगी। ये घर पर बड़े आसानी से तैयार हो जाएगी, जिससे आपको बाहर से मिठाई लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read

Dahi Bhalle Recipe: भारत में त्योहारों का नाम लेते ही मुंह में पानी आ जाता है, खासकर दही भल्ले जैसे पारंपरिक व्यंजन आजकल त्योहारों पर ही खाने को मिलते हैं। उत्तर भारत में होली के मौके पर दही भल्ले घर-घर में बनाए जाते हैं। ये उड़द दाल के नरम भल्ले, गाढ़े दही और चटनी के साथ इतने लजीज लगते हैं कि मेहमान उंगलियां चाटते रह जाते हैं। लेकिन कई बार इसे घर पर बनाने में काफी दिक्कत होती है, क्योंकि भल्ले जल्दी से नरम नहीं बनते या फिर बीच में गांठ रह जाती है। ऐसे में सही दही भल्ले बनाने का तरीका पता होना जरूरी है।
दही भल्ले की सही रेसिपी काफी सरल है, साथ ही कुछ ट्रिक्स अपनाने से परफेक्ट रिजल्ट मिलता है। हम यहां एक आसान विधि बता रहे हैं, जो घरेलू सामग्री से तैयार होती है। यह रेसिपी उत्तर भारतीय स्टाइल की है। जानते हैं इसे बनाने का स्टेप बाय स्पेट सही तरीका।
दही भल्ले बनाने के लिए क्या क्या चाहिए?
- भल्ले के लिए- उड़द की दाल (बिना छिलके वाली)
- 1 कप, मूंग की दाल
- हरी मिर्च और अदरक (बारीक कटे)
- नमक स्वादानुसार
- हींग - एक चुटकी
- तेल - तलने के लिए
- परोसने के लिए- दही 500 ग्राम (ताजा और गाढ़ी)
- चीनी- 2 बड़े चम्मच (दही में मिलाने के लिए)
- इमली की मीठी चटनी
- हरी चटनी
- मसाले- भुना जीरा पाउडर, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला
- बारीक कटा हरा धनिया, अनार दाना और सेव
बनाने का सही तरीका
सबसे पहले उड़द और मूंग दाल को धोकर 5-6 घंटे या रात भर भिगोएं। पानी निकालकर मिक्सर में कम पानी से बारीक पीस लें। पेस्ट गाढ़ा रखें। पिसी दाल को 8-10 मिनट एक दिशा में फेंटें, जब तक फूली न हो। चेक के लिए पानी में डालकर देखें, अगर तैर जाए, तो तैयार है।
अब इसमें हींग, अदरक, मिर्च और नमक मिलाएं। कढ़ाई में धीमी आंच पर तेल गर्म करें। गीले हाथों से छोटे गोले डालकर सुनहरा तलें। तले भल्लों को नमक-हींग वाले गुनगुने पानी में 20-30 मिनट भिगोएं, ताकि स्पंजी बनें।दही को फेंटकर चीनी मिलाएं और फ्रिज में ठंडा करें। परोसते समय भल्लों से पानी निचोड़ें, प्लेट में रखें। ऊपर दही, चटनी और मसाले डालें। बस तैयार है आपके दही भल्ले। धनिया और सेव से सजाएं।
ये रेसिपी कम तेल वाली है, जो होली की मस्ती में फिट बैठती है। तो आप इसे होली पर ट्राई कर सकते हैं, परिवार के साथ बैठकर खाएं। होली पर बना ये पारंपरिक व्यंजन सभी को पसंद आएगा।