अपडेटेड 10 May 2023 at 21:52 IST
Tamil Nadu: फूड सेफ्टी अधिकारियों ने जब्त किए लाखों के आम, अब यहां होगा इस्तेमाल
Tamil Nadu में 12.5 लाख रुपए की कीमत के आम जब्त किए गए हैं, जिन्हें केमिकल्स की मदद से पकाया गया था। इन आम का इस्तेमाल खाद बनाने के लिए किया जाएगा।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

Mango Seize in Coimbatore: आम को फलों का राजा कहा जाता है। गर्मियों का मौसम आते ही मार्किट में आम की डिमांड बढ़ने लगती है। हर उम्र के लोग खूब स्वाद लेकर आम खाते हैं। आम की अनेकों किस्में बाजार में मिलती हैं। हर कोई ताजा और मीठा आम खाना ही पसंद करता है। ऐसे में कई बार व्यापारी आम को मीठा और अच्छा बनाने के लिए आर्टिफिशियल केमिकल्स का इस्तेमाल करने लगते हैं।
बुधवार को फूड सेफ्टी प्रशासन के अधिकारियों ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में आम विक्रेताओं के गादामों पर सरप्राइज रेड मारी। इस रेड के दौरान अधिकारियों ने 25 टन से अधिक आम जब्त किए, जिन्हें आर्टिफिशियल केमिकल्स की मदद से पकाया गया था।
12.5 लाख रुपए है जब्त आम की कीमत
जब्त किए गए आमों की रकम 12.5 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। आम के अलावा मौसंबी भी अधिकारियों ने जब्त की। आम और मौसंबी को पकाने के लिए कार्बाइड स्टोन और एथिलीन जैसे केमिकल्स का प्रयोग किया जा रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक होते हैं।
खाद बनाने में होगा जब्त किए फलों का इस्तेमाल
फूड सेफ्टी अथॉरिटी के अधिकारियों ने जो फल जब्त किए हैं, उन्हें कोयंबटूर सिटी म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन में भेज दिया गया है, जहां उनका इस्तेमाल जैविक खाद बनाने के लिए किया जाएगा। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की ओर से भी लोगों को केमिकल से पके हुए आम या अन्य फल खाने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेय माने जाते हैं।
Advertisement
यह भी पढ़ें- Watermelon Juice: गर्मियों में एनर्जेटिक रहने के लिए पिएं तरबूज का जूस, पढ़ें स्वास्थ्य लाभ!
आम खरीदते समय इन बातों का रखें ख्याल
बहुत से लोगों को आम की सही पहचान नहीं होती है और वे बाजार से चमकदार और पीले आम खरीदने की कोशिश करते हैं। कार्बाइड जैसे केमिकल्स के इस्तेमाल से कई प्रकार के घातक रोग शरीर में पैदा हो सकते हैं। पेट संबंधी समस्याएं, किडनी फेल, स्किन डिजीज से लेकर कैंसर जैसी बीमारियां का खतरा इससे पैदा होता है। कार्बाइड से पके फल लंबे समय तक खाने से मस्तिष्त में ऑक्सीजन का संचार कम होता है और इंसान कोमा में भी जा सकता है।
Advertisement
आम को खरीदते समय कुछ बातों का विशेष ख्याल रखें-
- जब आप आम खरीदने जाएं तो महकने वाले आमों को खरीदने में तरजीह दें क्योंकि नेचुरल तरीके से पके हुए आम खुशबू देते हैं। लेकिन यदि आम में से कोई महक नहीं आ रही है या फिर केमिकल और अल्कोहल जैसी महक आ रही है तो उस आम को न खरीदें। मुमकिन है कि वह आम केमिकल की मदद से पकाया गया होगा।
- आम को चारों ओर से चेक करें। यदि आम पर काले धब्बे दिखाई दे रहे हैं तो उसे न खरीदे। हो सकता है कि आम बासी हो गया और उसकी मिठास भी चली गई हो। आम में यदि छेद नजर आते हैं तो उसे भी न खरीदें, क्योंकि उसमे कीड़ें हो सकते हैं।
- कुछ आम के ऊपर स्टिकर्स लगे होते हैं। खासतौर पर बड़ी और महंगी दुकानों पर इस तरह के आम बिकते हुए नजर आते हैं। स्टिकर हटाकर देखें। यदि उसके नीचे छेद है तो हो सकता है कि वह केमिकल्स की मदद से पकाया गया हो।
- आम को उठाकर देखें। यदि आम अपने साइज के अनुसार ज्यादा भारी नजर आ रहा है तो वह न खरीदें। हो सकता है कि आम अंदर से कच्चा हो या फिर उसे कार्बाइड स्टोन की मदद से पकाया गया हो।
- जितना हो सके, छोटे दुकानदारों से या फिर गली-मोहल्ले में रेहड़ी लगाने वाले लोगों से ही आम खरीदें। ऐसे लोगों के पास अधिकतर ताजा आम मिलते हैं। बड़ी दुकानों पर आम आपको चमकदार तो नजर आएंगे, लेकिन उसमें स्वाद नहीं होगा। यहां पर एक कहावत भी सटीक बैठती है, ‘ऊंची दुकान, फीके पकवान।
Published By : Mohit Jain
पब्लिश्ड 10 May 2023 at 21:48 IST