अपडेटेड 29 August 2023 at 13:13 IST
Depression: कहीं आप भी तो नहीं हैं डिप्रेशन के शिकार? जानिए इसके कारण, लक्षण और बचाव
Depression: आजकल डिप्रेशन की समस्या होना काफी आम बात हो गई है, आप यहां जान सकते हैं इसके कारण, लक्षण और बचाव के बारे में।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 2 min read

Depression: राजस्थान का कोटा शहर इंजीनियरिंग की कोचिंग के लिए मशूहर है। हाल ही में रविवार को यहां दो छात्रों की सुसाइड की खबरों ने हर किसी को हिलाकर रख दिया है। दरअसल, कोटा में हर साल खुदकुशी करने वाले छात्रों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसका एक कारण करियर की चिंता भी माना जा सकता है।
स्टोरी में आगे पढ़ें...
- डिप्रेशन की चपेट में आ रहे हैं कई लोग
- जानिए आखिर क्या होता है डिप्रेशन
- डिप्रेशन के कारण और बचाव
आजकल करियर गोल्स को लेकर छात्र इतने तनाव में आ जाते हैं कि वह कब डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं इसका पता ही नहीं चलता है। डिप्रेशन के कारण कई लोग खुदकुशी करने को जिंदगी जीने से ज्यादा आसान समझते हैं। अगर आप या फिर आपके आस-पास कोई व्यक्ति डिप्रेशन से जूझ रहा है तो आप उनकी मदद कर सकते हैं। आइए पहले जानते हैं कि डिप्रेशन क्या है और इसके कारण, लक्षण क्या हो सकते हैं।
क्या है डिप्रेशन?
डिप्रेशन एक तरह का मूड डिसऑर्डर है, जो व्यक्ति में लगातार उदासी और अरुचि पैदा कर उसे धीरे-धीरे अकेलेपन की ओर धकेल देता है। आप कैसा महसूस करते हैं, क्या सोचते हैं और कैसा व्यवहार करते हैं, ये सब मिलकर ही तय करते हैं कि आप डिप्रेशन में हैं या नहीं। इतना ही नहीं अगर आप डिप्रेशन के शिकार हैं तो इसका असर आपको मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक तौर पर कमजोर कर देता है। जिस वजह से आपको लगने लगता है कि आप अकेले हैं, कोई भी आपके साथ नहीं, हर चीज जो गलत हो रही है उन सबकी वजह सिर्फ आप हैं। डिप्रेशन का मरीज दिखने में साधारण सा लगता है लेकिन उसने मन के भीतर विचारों का काफी गहरा तूफान चल रहा होता है, जो कब जहर बन जाए इसका पता ही नहीं चलता।
ये हो सकते हैं डिप्रेशन के कारण
परिवारिक इतिहास
Advertisement
अगर आपके परिवार में डिप्रेशन या किसी अन्य मानसिक विकार का इतिहास रह चुका है, तो आपको डिप्रेशन होने का ज्यादा खतरा है।
बचपन में ट्रामा
Advertisement
कई बार बचपन में हुई कुछ घटनाओं से आप मानसिक और भावनात्मक स्तर पर जूझ चुके होते हैं, इसका तनाव आपको धीरे-धीरे डिप्रेशन की ओर ले जा सकता है।
ब्रेन स्ट्रक्चर
अगर आपके मस्तिष्क का "फ्रंटल लोब" (आगे का हिस्सा) कम एक्टिव है तो आपको डिप्रेशन का जोखिम ज्यादा हो सकता है।
अन्य बीमारियां
क्रोनिक डिजीज, अनिद्रा, क्रोनिक दर्द या एडीएचडी जैसी बीमारियां आपको डिप्रेशन की ओर ले जा सकती हैं।
ड्रग्स लेना
शराब या ड्रग्स के दुरुपयोग करना, हमेशा नशे में रहना भी आपको डिप्रेशन का शिकार बना सकता है।
ये भी हो सकते हैं कारण
- इसके अलावा आत्म-सम्मान कम होना या आलोचना होने की वजह से भी आप डिप्रेशन की ओर जा सकते हैं।
- तनावपूर्ण घटनाएं, जैसे प्रियजन की मृत्यु, आर्थिक समस्याएं भी डिप्रेशन का एक कारण हैं।
- करियर को लेकर चिंता या असफलता भी डिप्रेशन का कारण हो सकता है।
डिप्रेशन के लक्षण
- डिप्रेशन का मरीज हमेशा उदासी, अशांति, खालीपन और निराशा के भाव से घिरा हुआ रहता है।
- छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, चिड़चिड़ापन और निराशा होना।
- हर पसंदीदा खेल, चीज, जगह से रुचि खो देना।
- नींद न आना या बहुत अधिक सोना भी डिप्रेशन का एक लक्षण है।
- अचानक से थकान महसूस होना।
- भूख कम लगना, वजन कम होना, अचानक से ओवरइटिंग करना और वजन का बढ़ना।
- घबराहट होना।
- छोटी-छोटी बात को हद से ज्यादा सोचना।
- विफल होने पर खुद को कसूरवार समझना।
- खुद के प्रति लगाव कम होना, हीन भावना पैदा होना।
- अकेले रहने का मन करना।
- लोगों से दूर होना।
- बात को कहने में हिचकिचाना।
- हंसते-हंसते अचानक से उदास होना।
डिप्रेशन से बचाव
- डिप्रेशन से बचने का कोई निश्चित तरीका तो नहीं है, लेकिन कुछ तरीकों को अपना कर आप डिप्रेशन से खुद को या किसी अन्य व्यक्ति को बचा सकते हैं।
- खुद के भीतर चल रहे तनाव को कंट्रोल करने की कोशिश करें।
- अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों से बात करें।
- खुद के बारे में बुरा या गलत न सोचें।
- ऐसे लोगों के बीच रहें जो आपको अच्छा महसूस कराते हैं।
- जो चीजें आपको पसंद हैं उन्हें करें।
- लोगों से बात करें।
- अकेले न रहें।
- ज्यादा न सोचें।
- पूरी नींद लें।
- वक्त पर खाना खाएं।
- किताबें पढ़ें और फिल्में देखें।
- म्यूजिक सुनें।
डॉक्टर को कब दिखाएं
अगर आप उदासी, तनाव महसूस कर रहे हैं तो आपको जल्द से जल्द डॉक्टर या मानसिक रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करना चाहते तो फौरन किसी करीबी से बात करें और अपने विचारों को उनके साथ शेयर करें।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 29 August 2023 at 13:05 IST