Bihari Dal Pithi Recipe: बिहारी स्टाइल दाल पिठी खाकर भूल जाएंगे पिज्जा-बर्गर, जान लीजिए आसान रेसिपी

बिहार की पारंपरिक रसोई की बात करें, तो 'दाल पिठी' का नाम सबसे पहले आता है। यह न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि पोषण से भरपूर एक संपूर्ण आहार भी है। पिज्जा-बर्गर जैसे जंक फूड के दौर में, यह घरेलू व्यंजन अपनी सादगी और स्वाद से सबको मात देता है। इसे 'बिहारी पास्ता' भी कहा जा सकता है, जो अरहर की दाल और गेहूं के आटे की लोई से तैयार होता है। आइए इसे बनाने की रेसिपी के बारे में जानते हैं।

Bihari Dal Pithi Recipe
Bihari Dal Pithi Recipe | Image: Meta AI\ Instagram

अगर आप भी पिज्जा, बर्गर और पास्ता जैसे विदेशी फास्ट फूड से ऊब चुके हैं और कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो न केवल स्वादिष्ट हो, बल्कि घर की सादगी और मां के हाथों का अहसास भी कराए, तो बिहारी दाल पिठी से बेहतर कुछ नहीं हो सकता। इसे कई जगहों पर 'दाल की दुल्हन' भी कहा जाता है। यह डिश न केवल पेट भरने वाली है, बल्कि यह पौष्टिक तत्वों से भरपूर एक संपूर्ण आहार है। आइए इसे बनाने की सामग्री और रेसिपी के बारे में जानते हैं।

दाल पिट्ठी बनाने के लिए क्या सामग्री लगेगी? 

अरहर दाल 
गेहूं का आटा 
हल्दी, नमक, हींग, जीरा, सूखी लाल मिर्च
बारीक कटा लहसुन, अदरक और हरी मिर्च
तड़के के लिए शुद्ध देसी घी

दाल पिट्ठी किस तरह बनाना है? 

सबसे पहले अरहर की दाल को अच्छी तरह धोकर हल्दी और नमक के साथ कुकर में पानी डालकर गलने के लिए रख दें।
दाल उबलते समय, गेहूं के आटे में थोड़ा नमक डालकर सख्त गूंथ लें। अब इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें अपनी पसंद की शेप दें। अक्सर इन्हें फूल या शंख का आकार दिया जाता है। आप अपने हिसाब से भी शेप दे सकते हैं। 
जब दाल आधी पक जाए, तो तैयार की गई पिठियों को उबलती हुई दाल में सावधानी से डाल दें। कुकर बंद करें और 2-3 सीटी आने तक पकाएं, ताकि पिठियां दाल के साथ अच्छी तरह घुल-मिल जाएं।
एक कड़ाही में देसी घी गरम करें। इसमें जीरा, हींग, सूखी लाल मिर्च, बारीक कटा लहसुन और अदरक का तड़का तैयार करें। इस खुशबूदार तड़के को दाल पिठी के ऊपर डालें।
गरमा-गरम दाल पिठी को हरी धनिया पत्ती से सजाकर चटनी या अचार के साथ सर्व करें।

दाल पिठी सेहत के लिए है फायदेमंद

दाल पिठी न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि यह प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट का बेहतरीन स्रोत है। पिज्जा और बर्गर के उलट, इसमें कोई मैदा या प्रिजर्वेटिव नहीं होता। इसे खाकर मिलने वाली तृप्ति किसी भी महंगे फास्ट फूड से कहीं ज्यादा है। 

Advertisement

ये भी पढ़ें - Tips And Tricks: बारिश शुरू होते ही घर की दीवारों में शुरू हो गई सीलन? अपनाएं ये 5 सस्ते और स्मार्ट तरीके; चमक उठेगा घर
 

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड