अपडेटेड 20 March 2026 at 18:52 IST
Rajasthan Mandapam: राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री ने दूरदर्शी राजस्थान मंडपम परियोजना का किया अनावरण
Rajasthan Mandapam: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में 'राजस्थान मंडपम' का अनावरण किया। 90 एकड़ में फैली ₹5800 करोड़ की यह परियोजना व्यापार, पर्यटन और संस्कृति का नया वैश्विक केंद्र बनेगी।
- इनिशिएटिव
- 5 min read

Rajasthan Mandapam: राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में, श्री भजनलाल शर्मा, माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान ने राजस्थान अंतर्राष्ट्रीय केंद्र जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कर्नल राजवर्धन राठौर, माननीय कैबिनेट मंत्री, उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना एवं संचार, युवा मामले एवं खेल, कौशल, योजना एवं उद्यमिता तथा सैनिक कल्याण मंत्रालय; श्री कृष्ण कुमार विश्नोई, माननीय राज्य मंत्री, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, युवा मामले एवं खेल, कौशल, योजना एवं उद्यमिता तथा नीति निर्माण विभाग; श्री वी. श्रीनिवास, मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार; श्री शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष, राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (आरआईआईसीओ); डॉ. के. पी. महादेवास्वामी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनबीसीसी तथा अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में, वीडियो प्रस्तुतिकरण के माध्यम से राजस्थान मंडपम और संबद्ध अवसंरचना के सचित्र डिजिटल दृश्यों का अनावरण किया। इस अनावरण ने विश्वस्तरीय अवसंरचना निर्माण और इसे प्रगतिशील तथा निवेश के लिए तैयार गंतव्य के रूप में उसकी स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में राज्य की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि को चिह्नित किया।
90 एकड़ से अधिक के भूखंड पर बनेगा राजस्थान मंडपम
जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित यह महत्वाकांक्षी परियोजना जयपुर में 94.53 लाख वर्ग फुट के कुल निर्मित क्षेत्रफल (बीयूए) सहित 90 एकड़ से अधिक के भूखंड पर बनने की संभावना है। इस मास्टर प्लान में एक प्रतिष्ठित कन्वेंशन सेंटर (9 लाख वर्ग फुट से अधिक बीयूए), भव्य एक्सपो हॉल (लगभग 7 लाख वर्ग फुट बीयूए), ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और आईटी/आईटीईएस कार्यालय स्थान (लगभग 18 लाख वर्ग फुट बीयूए), होटल, खुदरा सुविधाएं और आवास (10.76 लाख वर्ग फुट से अधिक बीयूए), एक प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय (1.77 लाख वर्ग फुट से अधिक बीयूए), रिवर फ्रंट के सार्वजनिक स्थान, यूनिटी मॉल और फिनटेक प्लाजा (लगभग 69 हजार वर्ग फुट बीयूए) को एकीकृत किया गया है, जिससे व्यापार, पर्यटन, संस्कृति, मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल को मिलाकर एक जीवंत मिश्रित उपयोग वाला पारिस्थितिकी तंत्र तैयार होगा। दीर्घकालिक शहरी लचीलापन और रहने योग्य वातावरण सुनिश्चित करके कनेक्टिविटी, संधारणीयता, जलवायु-अनुकूल डिज़ाइन और पैदल यात्रियों के अनुकूल सार्वजनिक क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया है। इस संपूर्ण विकास में लगभग 32.5 लाख वर्ग फुट के निर्मित क्षेत्रफल के साथ पर्याप्त पार्किंग का प्रावधान होगा।
₹5800 करोड़ से अधिक होगा खर्च
एनबीसीसी द्वारा इसका निष्पादन किए जाने के साथ इस संपूर्ण परियोजना का विकास आरआईआईसीओ द्वारा किया जा रहा है। एनबीसीसी एक सुदृढ़, स्व-वित्तपोषित मॉडल के माध्यम से परियोजना को कार्यान्वित करेगा, जिससे पारदर्शिता और दक्षता के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए वित्तीय संधारणीयता सुनिश्चित होगी। राजस्थान मंडपम और उससे संबंधित विकास कार्यों के विस्तारित पैमाने और व्यापक दायरे को देखते हुए, परियोजना के कुल मूल्य का आकलन ₹5800 करोड़ से अधिक का किया गया है। यह परियोजना इस क्षेत्र पर दूरगामी आर्थिक और सामाजिक प्रभाव डालने वाले सबसे महत्वपूर्ण शहरी अवसंरचना पहलों में स्थापित हो जाती है।
एनबीसीसी ने समयबद्ध सुपुर्दगी की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, अप्रैल में परियोजना के लिए निविदाएं जारी करने की योजना बनाई है, जो आयोजना से निष्पादन तक कार्य को दर्शाता है। एनबीसीसी प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण करने में अपनी सिद्ध विशेषज्ञता के साथ, गुणवत्ता, दक्षता और समय पर परियोजना पूर्ण होने के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित करेगा।
Advertisement
इस रूपांतरकारी पहल का मुख्य केंद्रबिंदु अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उच्च स्तरीय आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम राजस्थान मंडपम कन्वेंशन सेंटर है, जिसे एनबीसीसी विश्व स्तरीय, बहुआयामी सुविधा के रूप में विकसित करेगा। इस कन्वेन्शन कॉम्प्लेक्स में बैंक्वेट हॉल, शिखर सम्मेलन स्थल, बैठक कक्ष और वैश्विक मानकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया अत्याधुनिक कॉन्सर्ट एरीना के अतिरिक्त कई सभागार होंगे, जिनमें स्वर्ण, तुलसी और कदम मंडप के साथ-साथ लगभग 6,500 लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य पद्म मंडप शामिल हैं।
संधारणीयता एवं शहरी लचीलेपन पर विशेष जोर
कन्वेंशन सेंटर की शोभा को और बढ़ाते हुए विशाल एक्सपो हॉल, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), आईटी/आईटीईएस कार्यालय स्थान, फिनटेक प्लाजा, आतिथ्य विकास, खुदरा और आवासीय जोन तथा एक प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय सहित नियोजित संबद्ध अवसंरचना का एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र मौजूद रहेगा। इस परियोजना का अन्य प्रमुख आकर्षण पारिस्थितिक पुनरुद्धार को सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के साथ एकीकृत करते हुए द्रव्यवती रिवर फ्रन्ट का जीर्णोद्धार करके इसे एक जीवंत सार्वजनिक स्थान में बदलना है जो संधारणीयता एवं शहरी लचीलेपन पर विशेष जोर देता है।
Advertisement
इस अनावरण समारोह को उद्योग जगत के अग्रणी नेतृत्व प्रमुखों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित विशिष्ट दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। माननीय मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और राज्य में हो रही तीव्र प्रगति को स्वीकार करते हुए दर्शकों ने परियोजना के व्यापक दायरे, दूरदर्शिता और परिवर्तनकारी क्षमता की अत्यधिक सराहना की। इस पहल में व्यापक विश्वास को रेखांकित करते हुए प्रस्तुति का समापन खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ हुआ।
राजस्थान मंडपम और संबद्ध परियोजनाएं आधुनिक राजस्थान के प्रतीक के रूप में स्थापित हैं, जहाँ दूरदर्शी नेतृत्व विश्वस्तरीय निष्पादन से मिलता है। यह परियोजना जयपुर के शहरी परिदृश्य को पुनर्परिभाषित करने और इसे सम्मेलनों, व्यवसायों, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए तैयार है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 20 March 2026 at 18:52 IST