एनबीसीसी ने भारत बिजनेस पार्क में रूस के एसबीईआर इंडिया को आवंटन पत्र एवं विक्रय समझौता सौंपा
कुल मिलाकर, एनबीसीसी ने लगभग 23.44 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले सभी 8 टावरों की सफलतापूर्वक बिक्री कर दी है, जिससे लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। परियोजना के 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।
- इनिशिएटिव
- 3 min read

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न सीपीएसई, एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने सरोजिनी नगर स्थित अपने भारत बिजनेस पार्क (BBP) के दो टावरों के लिए आवंटन पत्र एवं विक्रय समझौते के दस्तावेज एसबीईआर इंडिया को सौंपे। यह किसी विदेशी बैंक द्वारा भारतीय कार्यालय क्षेत्र की सबसे बड़ी खरीद में से एक है।
एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. के. पी. महादेवस्वामी ने नई दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट मुख्यालय में 23 सितंबर को एसबीईआर इंडिया के उप प्रबंध निदेशक श्री इगोर शिश्किन को दस्तावेज सौंपे। इस अवसर पर डॉ. सुमन कुमार, निदेशक (वाणिज्यिक), श्री अंजीव कुमार जैन, निदेशक (वित्त), डॉ. विजय चौधरी, वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (वित्त), एनबीसीसी तथा दोनों संगठनों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
एसबीईआर बैंक, एक प्रमुख वैश्विक वित्तीय संस्थान तथा रूस एवं मध्य-पूर्वी यूरोप का सबसे बड़ा बैंक है। बैंक ने भारत-रूस व्यापार को बढ़ावा देने तथा रणनीतिक उपस्थिति स्थापित करने के उद्देश्य से वर्ष 2010 में भारत में अपनी शाखा स्थापित की थी।
दोनों टावरों में लगभग 5.17 लाख वर्ग फुट का सुपर बिल्ट-अप क्षेत्र है, जिसका बिक्री मूल्य ₹2,000 करोड़ से अधिक है। एसबीईआर बैंक ने अप्रैल 2026 में आयोजित प्रतिस्पर्धी ई-नीलामी के माध्यम से इन टावरों को हासिल किया, जिससे वह इस परियोजना का सबसे बड़ा एकल खरीदार बन गया। एसबीईआर इंडिया ने नई दिल्ली में रशियन बिजनेस सेंटर स्थापित करने की योजना की घोषणा की है। यह केंद्र भारत में कार्यरत रूसी कंपनियों को बैंकिंग, कानूनी, कर एवं ऑडिट सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा। बैंक द्वारा भारत बिजनेस पार्क का चयन, अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के बीच दिल्ली के नए पीढ़ी के वाणिज्यिक क्षेत्रों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
Advertisement
कुल मिलाकर, एनबीसीसी ने लगभग 23.44 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले सभी 8 टावरों की सफलतापूर्वक बिक्री कर दी है, जिससे लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। परियोजना के 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। अन्य खरीदारों में आईआरसीटीसी, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM), बीपीसीएल, आरवीएनएल और नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड सहित प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के संगठन शामिल हैं।
इस अवसर पर एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवस्वामी ने कहा, “एसबीईआर इंडिया का भारत बिजनेस पार्क को दिल्ली में अपना केंद्र बनाने का निर्णय, एनबीसीसी की परियोजना निष्पादन क्षमता और वैश्विक व्यवसाय के गंतव्य के रूप में दिल्ली की स्थिति का मजबूत प्रमाण है।”
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 8 मार्च 2026 को भारत बिजनेस पार्क के आठ टावरों की आधारशिला रखी थी। एसबीईआर इंडिया की खरीद सहित बीबीपी की शुरुआती बिक्री, 7 जीपीआरए पुनर्विकास परियोजना के निर्माण को पूरा करने के लिए वित्तपोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।