मध्यप्रदेश सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य और सर्वाधिक ऋण वितरण में देश में प्रथम स्थान

प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Madhya Pradesh Named Top-Performing State, Ranks First Nationally in Loan Disbursement
मध्यप्रदेश सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य और सर्वाधिक ऋण वितरण में देश में प्रथम स्थान | Image: Republic

प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित 'स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026' समारोह में मध्यप्रदेश को दो राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रदेश ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य तथा सर्वाधिक ऋण वितरण की श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही प्रदेश के तीन नगरीय निकाय इंदौर, सारणी और बालाघाट ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

जनजातीय बाहुल्य जिले बालाघाट को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों एवं जनजातीय समुदाय के लाभार्थियों तक इस योजना का लाभ पहुंचा है। मालवा अंचल के इंदौर से लेकर सतपुड़ा अंचल के सारणी और महाकौशल के बालाघाट की यह राष्ट्रीय उपलब्धियां प्रदेश में इस योजना के व्यापक क्रियान्वयन एवं प्रसार को रेखांकित करती है। समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। मध्यप्रदेश की ओर से नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री  प्रतिमा बागरी, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे तथा अपर आयुक्त एवं मिशन संचालक पीएम स्वनिधि श्री शिशिर गेमावत ने पुरस्कार प्राप्त किए।

इंदौर देश में प्रथम, सारणी द्वितीय और बालाघाट तृतीय स्थान पर

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में नगर निगम इंदौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इंदौर ने पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने, योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। इसी प्रकार टाउन सिटी श्रेणी में नगर पालिका परिषद सारणी ने द्वितीय तथा नगर पालिका परिषद बालाघाट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। दोनों निकाय ने पात्र पथ विक्रेताओं की पहचान, ऋण आवेदन एवं स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग, बैंकिंग संस्थाओं के साथ समन्वय तथा योजना के लाभों को अंतिम हितग्राही तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य के साथ तीन नगरीय निकाय को राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान प्रदेश में पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करता है।

Advertisement

प्रदेश के 10.87 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को आर्थिक संबल

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश में अब तक 10 लाख 87 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया गया है। प्रदेश में 17 लाख 22 हजार से अधिक ऋण प्रकरणों के माध्यम से लगभग 2 हजार 827 करोड़ 84 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। योजना ने शहरी क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी, ठेला, फल-सब्जी, खाद्य सामग्री और अन्य छोटे व्यवसायों से जुड़े पथ विक्रेताओं को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बिना संपार्श्विक प्रतिभूति के कार्यशील पूंजी ऋण मिलने से छोटे व्यवसायियों को अपना कारोबार संचालित करने, व्यवसाय का विस्तार करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्राप्त हुए हैं।

Advertisement

डिजिटल भुगतान और महिला सशक्तिकरण में भी उल्लेखनीय प्रगति

मध्यप्रदेश में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयास किए गए हैं। प्रदेश के 7 लाख 61 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं ने डिजिटल लेनदेन को अपनाया है। डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के परिणामस्वरूप हितग्राहियों को 59 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की कैशबैक प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। योजना के कुल हितग्राहियों में लगभग 40 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होने के साथ ही पारिवारिक आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिली है।

नगरीय निकायों, बैंकिंग संस्थाओं और पथ विक्रेताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम

नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इन उपलब्धियों के लिए प्रदेश के सभी नगरीय निकायों, विशेष रूप से इंदौर, सारणी और बालाघाट के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। विभाग ने इस उपलब्धि में बैंकिंग संस्थाओं, योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पथ विक्रेताओं की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया है। प्रदेश में आगामी समय में भी पीएम स्वनिधि

योजना के अंतर्गत पात्र पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल भुगतान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि शहरी आजीविका को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

राष्ट्रीय समारोह में राज्यों और नगरीय निकायों के उत्कृष्ट योगदान का सम्मान

भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 समारोह में पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, नगरीय निकायों, ऋण प्रदाता संस्थाओं तथा सहयोगी संगठनों को सम्मानित किया गया। समारोह में वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण, डिजिटल भुगतान, हितग्राही सशक्तिकरण तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित उपलब्धियों को प्रमुखता दी गई। मध्यप्रदेश को प्राप्त दो राज्यस्तरीय राष्ट्रीय पुरस्कार तथा इंदौर, सारणी और बालाघाट की उपलब्धियां प्रदेश में योजना के व्यापक क्रियान्वयन और विभिन्न स्तरों पर किए गए समन्वित प्रयासों को दर्शाती हैं।

इसे भी पढ़ें- युवा लाते हैं देश और समाज में परिवर्तन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
 

Published By:
 Initiative Desk
पब्लिश्ड