महाकुंभ में 'महापापियों' पर एक्शन, स्नान कर रहीं महिलाओं के आपत्तिजनक VIDEO अपलोड करने वाला प्रयागराज का यूट्यूब गिरफ्तार
गिरफ्तार हुए तीन आरोपियों में से चंद्र प्रकाश नाम के प्रयागराज के एक यूट्यूबर ने महाकुंभ में स्नान करने वाली महिलाओं के वीडियो भी शेयर किए थे।
- भारत
- 3 min read

Mahakumbh 2025: महाकुंभ के महापापियों पर पुलिस का एक्शन जारी है। कुंभ में स्नान करने आ रहीं महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने और बेचने के मामले में आरोपियों को पकड़ने में पुलिस जुटी है। FIR भी दर्ज की गई। इस बीच गुजरात पुलिस ने 3 लोगों को अरेस्ट किया है। प्रयागराज के एक यूट्यूबर को भी पकड़ा गया, जिसने महाकुंभ में स्नान करने वाली महिलाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए थे।
प्रयागराज में भव्य-दिव्य और अलौकिक महाकुंभ जारी है। बच्चों से लेकर बूड्ढों और महिलाओं हर किसी में महाकुंभ को लेकर गजब का उत्साह देखने मिल रहा है। हर दिन करोड़ों लोग संगम में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। इस बीच कुछ लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। महाकुंभ में स्नान कर रहीं महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने, सोशल मीडिया पर अपलोड करने और यहां तक की बेचने के मामले सामने आए हैं।
गिरफ्तार 3 आरोपियों में प्रयागराज का यूट्यूबर भी अरेस्ट
कुंभ मेला पुलिस ने ऐसे कई सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है और जांच में जुटी है। इस बीच गुजरात के अस्पतालों में महिलाओं की चिकित्सा जांच के वीडियो अपलोड करने के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस को मिले आपत्तिजनक वीडियो
गिरफ्तार हुए इन तीन लोगों में से चंद्र प्रकाश नाम के प्रयागराज के एक यूट्यूबर ने महाकुंभ में स्नान करने वाली महिलाओं के वीडियो भी शेयर किए थे। इसके बारे में जानकारी देते हुए साइबर अपराध (अहमदाबाद) पुलिस उपायुक्त लवीना सिन्हा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले आरोपी चंद्र प्रकाश ने कुछ महीने पहले ‘सीपी मोंडा’ नाम का यूट्यूब चैनल शुरू किया था। इस चैनल पर आरोपी ने महाकुंभ में स्नान कर रहीं महिला तीर्थयात्रियों के वीडियो अपलोड किए थे।
Advertisement
उन्होंने बताया कि चंद्र प्रकाश को बुधवार को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया था। उसके साथ महाराष्ट्र के लातूर और सांगली से प्रज्वल तैली और प्रज पाटिल को भी अरेस्ट किया गया। इन आरोपियों ने पैसा कमाने के लिए राजकोट के एक अस्पताल में महिला मरीजों के रिकॉर्ड किए गए आपत्तिजनक वीडियो ‘टेलीग्राम’ पर शेयर किए थे।
उनके मुताबिक प्रज्वल तैली और प्रज पाटिल ने हैकर से महिला मरीजों के वीडियो हासिल किए और चंद्र प्रकाश ने दूसरे यूट्यूब चैनल से वीडियो डाउनलोड किए थे और उन्हें अपने चैनल पर अपलोड किया था। उन्होंने कहा कि हम यह जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी चंद्र प्रकाश ने भी पैसे कमाने के लिए वीडियो शेयर किए थे। महाराष्ट्र के गिरफ्तार आरोपियों का चंद्र प्रकाश से कोई संबंध नहीं है।
Advertisement
17 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर केस दर्ज
इससे पहले यूपी पुलिस ने भी जानकारी दी थी कि महाकुंभ में स्नान करने और कपड़ने बदलने के महिलाओं के वीडियो अपलोड करने और बेचने के मामले में कुंभ मेला पुलिस ने कई सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की है। यूपी पुलिस ने बताया कि ऐसे 17 अकाउंट्स के खिलाफ FIR भी दर्ज हुई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।