'मेरे सवालों का जवाब नहीं मिला, आप महान...', संसद में जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और जया बच्चन के बीच हुई तीखी नोक-झोंक
राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और सपा सांसद जया बच्चन के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली। एंटरटेनमेंट टैक्स और फिल्मों की टिकट की कीमतों से जुड़े मुद्दे पर दोनों के बीच सवाल जवाब हुआ।
- भारत
- 3 min read

राज्यसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और सपा सांसद जया बच्चन के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली। जया बच्चन ने एंटरटेनमेंट टैक्स और फिल्मों की टिकट की कीमतों से जुड़े मुद्दे पर सीतारमण से कुछ सवाल किए। जब वित्त मंत्री ने उनके सवालों को जवाब दिया तो सपा सांसद ने तंज कसते हुए यह कह दिया कि यू आर गुड स्टोरीटेलर। इस दौरान सदन का माहौल गर्म हो गया और सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया।
राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पर अपने जवाब में विभिन्न मुद्दों पर आंकड़ों के साथ जानकारी दे रही थीं। इसी बीच सपा सांसद जया बच्चन ने उन्हें बीच में टोकते हुए कहा कि उनके सवाल का सही और स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। जया बच्चन ने कहा कि वित्त मंत्री ने कई अन्य मुद्दों पर अच्छा जवाब दिया, लेकिन एंटरटेनमेंट टैक्स और टिकटों पर लगने वाले टैक्स के बारे में कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं दिया। आप एक बेहतरीन कहानीकार हैं। हमारे लिए, यह बेहतरीन एंटरटेनमेंट है। मैं एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और टिकट की कीमतों के बारे में बात कर रही हूं। हम सबसे ज्यादा टैक्स देने वाली इंडस्ट्री हैं।"
मैं आंकड़ों के साथ सवालों का जवाब देती हूं- सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने जया बच्चन के सवालों पर जवाब देते हुए कहा, सबसे पहले मैं बताना चाहती हूं कि एंटरटेनमेंट टैक्स और टिकट की कीमतें केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती हैं। इसलिए इस विषय पर केंद्र सरकार से सवाल पूछना उचित नहीं है। सीतारमण ने जया बच्चन को जवाब देते हुए यह भी कहा कि उनकी बात अभी पूरी भी नहीं हुई थी और बीच में ही सवाल उठा दिया गया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह आंकड़ों के आधार पर जवाब दे रही हैं और लगातार इस तरह की टिप्पणियों को स्वीकार नहीं करेंगी। इसके बाद सदन में विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सीतारमण ने बताया बजट में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए क्या है?
जया बच्चन ने यह बात तब कही जब निर्मला सीतारमण उनके इस सवाल का जवाब दे रही थीं कि क्या यूनियन बजट 2026 में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए कुछ दिया गया है। SP MP के दावे को गलत बताते हुए, फाइनेंस मिनिस्टर ने कहा कि बजट में लगातार ध्यान दिया गया है और इस बात पर जोर दिया कि कंटेंट क्रिएटर्स, एनिमेटरों और विज़ुअल आर्टिस्ट्स की स्किलिंग पक्की करने के लिए कदम उठाए गए हैं। बजट एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और कंटेंट क्रिएशन इकोनॉमी को ग्रोथ इंजन के तौर पर पहचानता है।
Advertisement
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज अब देश भर के 1500 स्कूलों में कंटेंट-क्रिएटर लैब्स बनाने और स्किलिंग में मदद करेगा। 2030 तक दो मिलियन प्रोफेशनल्स तैयार किए जाएंगे। कंटेंट क्रिएशन एक बहुत ज्यादा स्किल्ड सेक्टर है। उन्होंने यह भी कहा कि स्किल की कमी, डिजाइन, कॉस्ट्यूम, सेट और विजुअल एस्थेटिक्स के प्रोडक्शन को दूर करने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन की नई ब्रांचों की भी घोषणा बजट में की गई है।