गुजरात के पैतृक गांव में सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी के लिए यज्ञ, जश्न की भी है तैयारी; भाई ने कहा- वो देश का गौरव
गुजरात के मेहसाणा के झुलासन में पैतृक गांव में सुनीता की वापसी के लिए लंबे समय से प्रार्थना की जा रही है। 9 महीने बाद उनके लौटने गांव में काफी खुश का माहौल हैं।
- भारत
- 4 min read

Sunita Williams News: NASA एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की 9 महीने बाद अंतरिक्ष से धरती पर वापसी का इंतजार पूरी दुनिया को है। भारतवंशी सुनीता के लौटने पर देश में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके पैतृक गांव में तो सकुशल वापसी के लिए पूजा-पाठ और यज्ञ तक हो रहा है।
सुनीता भले ही अमेरिकी नागरिक हों, लेकिन उनका भारत से खास नाता रहा है। उनके पिता डॉ दीपक पंड्या गुजराती मूल के भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर थे। वहीं, सुनीता की मां बोनी पंड्या यूरोप के स्लोवाकिया से थीं।
सकुशल वापसी के लिए हो रहा यज्ञ
गुजरात के मेहसाणा के झुलासन में पैतृक गांव में सुनीता की वापसी के लिए लंबे समय से प्रार्थना की जा रही है। 9 महीने बाद उनके लौटने गांव में काफी खुश का माहौल हैं। साथ ही वो सुरक्षित वापस लौटें, इसके लिए परिवारवाले यज्ञ भी कर रहे हैं।
हमारे लिए बहुत बड़ा दिन है- सुनीता के भाई
गुजरात में ही रहने वाले सुनीता विलियम्स के चचेरे भाई दिनेश रावल ने उनकी वापसी पर खुशी जताई और कहा कि वह देश का गौरव हैं। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने बताया कि परिवार में उनकी मां, भाई और बहन समेत सभी लोग खुश हैं कि वह घर वापस आ रही हैं। हमारा पूरा परिवार खुश है और बेसब्री से उनकी वापसी का इंतजार कर रहा है। हमने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और कई मंदिरों में भी गए हैं। यह हमारे लिए बहुत बड़ा दिन है। हम उनकी वापसी के लिए 'यज्ञ' कर रहे हैं और उनकी वापसी पर मिठाइयां बांटेंगे।"
Advertisement
गांव के एक रहने वाले ने कहा, "सुनीता विलियम्स यहां दो बार आ चुकी हैं। हम सभी चाहते हैं कि वह (अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से) सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट आएं। हम जश्न मनाने की भी योजना बना रहे हैं...यहां हर कोई उत्साहित है और प्रार्थना कर रहा है कि वह सुरक्षित रूप से उतरें।"
सुनीता की सबसे बड़ी ताकत उनकी टीम- चचेरी बहन
रिपब्लिक के साथ बातचीत में सुनीता विलियम्स की चचेरी बहन फाल्गुनी पंड्या ने कहा कि यह उनकी पहली उड़ान नहीं है और गणेश उनके साथ हैं। उनके दिवंगत पिता का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है। सुनीता की सबसे बड़ी ताकत हमेशा उनकी टीम में उनका विश्वास रहा है और वह पूरी तरह से सकारात्मक रहने में विश्वास करती हैं। सुनीता हमेशा कहती हैं कि चिंता मत करो।
Advertisement
जान लें कि सुनीता विलियम्स अपने साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर के साथ 5 जून 2024 को बोइंग स्टारलाइनर से इंटरनेशनल स्पेस सेंटर यानी ISS गई थीं। स्टारलाइनर में हीलियम लीक और अन्य तकनीकी गड़बड़ियों के बाद दोनों ISS में ही फंस गए। सुनीता और बुच 8 दिनों के मिशन पर गए थे, लेकिन 9 महीने तक वहीं फंसे रहे। 9 महीने के लंबे इंतजार के बाद उनकी धरती पर वापसी हो रही है।
सुनीता और बुच अंतरिक्ष से रवाना हो गए हैं। उन्होंने धरती के लिए आज (18 मार्च) सुबह 10.30 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से उड़ान भरी। भारतीय समयानुसार स्पेसक्राफ्ट SpaceX ड्रैगन बुधवार सुबह 3.27 बजे लैंड करेगा।