कौन थे अजित पवार? महाराष्ट्र की राजनीति में बनाया था अलग दबदबा, सत्ता, संघर्ष और विवादों के साथ हाथ में हमेशा रहा 'पावर'
अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के एक प्रमुख और प्रभावशाली चेहरे थे। वे एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के भतीजे थे और चार दशकों से अधिक समय तक राज्य की सियासत में सक्रिय रहे। आईए जानते हैं उनके राजनीतिक जीवन सफर के बारे में...
- भारत
- 4 min read

Ajit Pawar Biography: महाराष्ट्र से आज, 28 जनवरी को बेहद दुखद खबर सामने आई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NCP नेता अजित पवार का विमान हादसे में निधन हो गया है। इस हादसे में उनके साथ विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। अजित पवार को ले जा रहा उनका चार्टर्ड विमान बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। क्रैश होते ही विमान में भीषण आग लग गई। महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार एक कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते थे। आईए जानते हैं उनके राजनीतिक जीवन सफर के बारे में...
अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के एक प्रमुख और प्रभावशाली चेहरे थे। वे एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के भतीजे थे और चार दशकों से अधिक समय तक राज्य की सियासत में सक्रिय रहे। 1982 में राजनीति में प्रवेश करने के बाद उन्होंने कांग्रेस और बाद में NCP को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। 1993 में शरद पवार के मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिली। 66 साल के अजित पवार महाराष्ट्र में सबसे लंबे समय तक उप मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले नेता भी रहे।
यहां से शुरू हुआ था अजित पवार का सफर
साल 2010 में अजित पवार पहली बार उपमुख्यमंत्री बने और बाद में जुलाई 2023 से इस पद पर फिर से कार्यरत थे। राजनीति उन्हें विरासत में मिली, मगर पहचान उन्होने अपने दम पर बनाई थी। राजनीति में आने से पहले वे लंबे समय तक सहकारिता आंदोलन से जुड़े रहे। यही वजह थी कि सहकारिता क्षेत्र में भी उनकी मजबूत पकड़ रही, खासकर पुणे डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन और शुगर फैक्टरियों से जुड़े होने के कारण।
डिप्टी CM के अलावा संभाली थी ये जिम्मेदारी
डिप्टी CM पद के अलावा अजित पवार ने कृषि, बागवानी, बिजली और जल संसाधन मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया था। जल संसाधन मंत्री के रूप में उन्होंने कृष्णा घाटी और कोकण सिंचाई परियोजनाओं की जिम्मेदारी संभाली थी। जुलाई 2023 से वे फिर उपमुख्यमंत्री बने और दिसंबर 2024 से देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली एकनाथ शिंदे सरकार में महाराष्ट्र के 8वें उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत थे।
Advertisement
अजित पवार के डिप्टी CM कार्यकाल की सूची इस प्रकार है-
- 10 नवंबर 2010 - 25 सितंबर 2012 (मुख्यमंत्री: पृथ्वीराज चव्हाण), उप मुख्यमंत्री, अजित पवार
- 25 अक्टूबर 2012 - 26 सितंबर 2014 (मुख्यमंत्री: पृथ्वीराज चव्हाण),उप मुख्यमंत्री, अजित पवार
- 23 नवंबर 2019 - 26 नवंबर 2019 (मुख्यमंत्री: देवेंद्र फडणवीस),उप मुख्यमंत्री, अजित पवार
- 30 दिसंबर 2019 - 29 जून 2022 (मुख्यमंत्री: उद्धव ठाकरे),उप मुख्यमंत्री, अजित पवार
- 2 जुलाई 2023 -वर्तमान (मुख्यमंत्री: एकनाथ शिंदे / देवेंद्र फडणवीस सरकार), उप मुख्यमंत्री, अजित पवार
- वह दिसंबर 2024 से देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में एकनाथ शिंदे के साथ महाराष्ट्र के 8वें उप मुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत रहें।
जन्म से लेकर शिक्षा तक का सफर
अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को हुआ महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के आशाताई पवार और अनंतराव पवार के घर पर हुआ था। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई की मगर बाद में पिता की मौत के बाद उन्होंने कॉलेज छोड़ दिया। महज 23 साल की उम्र में ही राजनीति में एंट्री ले ली थी। वर्ष 1982 में उन्होंने कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्री के बोर्ड में जगह बनाई। 1991 में वे पुणे सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष बने। करीब 16 साल तक वो इस पद पर बने रहे। अपने चाचा शरद पवार से अलग होकर BJP का दामन थामने के बाद वो विवादों भी घिर गए थे। दोनों परिवारों के बीच दरारें आ गई थी। हालांकि, बीते दिनों हुए निकाय चुनाव में पुरानी कड़वाहट भुलकर दोनों एक बार फिर साथ आ गए थे।
पहली बार बारामती से ही बने थे सांसद
साल 1991 में अजित पवार पहली बार बारामती से सांसद चुने गए। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बारामती को पवार परिवार का गढ़ माना जाता है। आज, 28 जनवरी को भी यहां अजित पवार जिला परिषद चुनावों से जुड़े कार्यक्रमों के लिए जा रहे थे। पार्टी के लोग उन्हें 'दादा' कहते थे। सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरस्ट्रिप पर उनके चार्टर्ड प्लेन की लैंडिंग की कोशिश की। लैंडिंग के समय विमान अनियंत्रित हो गया और क्रैश लैंडिंग में खेत में जा गिरा। हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिससे पूरा विमान जलकर खाक हो गया। घटनास्थल पर चारों ओर धुआं फैल गया।