स्पेन जा रहे क्रूज शिप पर 'Hanta Virus' का कहर, अब तक 3 की मौत और कई संक्रमित; WHO ने जारी किया अलर्ट
WHO Hanta virus news: स्पेन जा रहे MV होंडियस क्रूज शिप पर हंता वायरस फैलने से 3 लोगों की मौत हो गई, WHO ने एंडीज वायरस स्ट्रेन की पुष्टि की है। जानें कितना खतरनाक है ये वायरस? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
- भारत
- 3 min read

Hanta Virus: दुनिया अभी कोरोना महामारी के जख्मों से पूरी तरह उबर भी नहीं पाई है कि एक और नए वायरस ने चिंता बढ़ा दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने शुक्रवार (8 मई) को स्पेन जा रहे एक क्रूज शिप 'MV होंडियस' (MV Hondius) पर हंता वायरस (Hanta virus) फैलने की पुष्टि की है। इस आउटब्रेक में अब तक 8 लोग बीमार पड़े हैं, जिनमें से 3 यात्रियों की मौत हो चुकी है।
PCR टेस्टिंग से हुई वायरस की पुष्टि
WHO के मुताबिक, लैब जांच और PCR टेस्टिंग के जरिए 6 मामलों में 'एंडीज वायरस' (Andes Virus) की पुष्टि हुई है, जो हंता वायरस का ही एक खतरनाक प्रकार है। इसके अलावा 2 और भी संदिग्ध मामले भी सामने आए हैं। यह आउटब्रेक पहली बार 2 मई को रिपोर्ट किया गया था। उस समय जहाज पर 147 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। राहत की बात यह है कि WHO ने वैश्विक स्तर पर इसके खतरे को 'कम' बताया है, हालांकि जहाज के भीतर जोखिम 'मध्यम' श्रेणी में रखा गया है।
कहां से शुरू हुआ संक्रमण?
इस संक्रमण की शुरुआत जहाज पर चढ़ने से पहले ही हो गई थी। माना जा रहा है कि पहला मरीज अर्जेंटीना और चिली की यात्रा के दौरान संक्रमित हुआ, जिसके बाद क्रूज के सीमित दायरे और यात्रियों के करीबी संपर्क के कारण यह अन्य लोगों में फैला। फिलहाल, संक्रमित लोगों का इलाज दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड्स और स्विट्जरलैंड के अस्पतालों में चल रहा है।
कितना खतरनाक है ये वायरस?
हंता वायरस आमतौर पर चूहों के मल-मूत्र या लार के संपर्क में आने से फैलता है। लेकिन एंडीज वायरस स्ट्रेन ज्यादा चिंताजनक है क्योंकि यह उन गिने-चुने हंता वायरस में से है जो इंसानों से इंसानों में फैल सकता है। इसके मुख्य लक्षण फ्लू जैसे बुखार, मांसपेशियों में दर्द और थकान है, गंभीर स्थिति में सांस लेने में ज्यादा तकलीफ होना है। डरा देने वाली बात ये भी है कि इस वायरस का समय पर इलाज ना मिलने से मौत भी हो सकती है।
Advertisement
क्रूज शिप फिलहाल काबो वर्डे से निकलकर स्पेन के कैनरी आइलैंड्स की ओर बढ़ रहा है। WHO और अलग-अलग देशों की स्वास्थ्य एजेंसियां कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और निगरानी को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हालात नियंत्रण में हैं क्योंकि यह वायरस बहुत आसानी से नहीं फैलता। स्वास्थ्य अधिकारी यात्रियों के स्पेन पहुंचने पर उनकी गहन जांच की तैयारी कर रहे हैं।