अपडेटेड 22 July 2024 at 16:09 IST
Budget 2024: तीन मौके जब वित्त मंत्रियों की जगह प्रधानमंत्रियों ने पेश किया बजट, कब-क्यों हुआ ऐसा?
Budget News: तीन बार बजट पेश करने वाले प्रधानमंत्रियों में नेहरू-गांधी परिवार के ही सदस्य शामिल हैं। सबसे पहले जवाहरलाल नेहरू ने आम बजट पेश किया था।
- भारत
- 2 min read

Budget 2024: इस समय देश की निगाहें मंगलवार (23 जुलाई) को पेश होने वाले बजट (Union Budget 2024) पर है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitaraman) अपना पिटारा खोलेंगी। नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का ये पहला बजट है, जिससे हर किसी को काफी उम्मीदें हैं।
23 जुलाई को निर्मला सीतरामण रिकॉर्ड सातवीं बार बजट पेश करने जा रही हैं। वैसे तो आमतौर पर वित्त मंत्री ही हर बार बजट पेश करते आ रहे हैं, लेकिन ऐसा हर बार नहीं हुआ। देश के इतिहास में तीन बार ऐसे मौके भी आए हैं, जब वित्त मंत्रियों की जगह प्रधानमंत्रियों ने बजट (Indian Budget History) पेश किया। ये कब और क्यों हुआ, आइए जानते हैं इसके बारे में...
इन तीन प्रधानमंत्रियों ने पेश किया बजट
तीन बार बजट पेश करने वाले प्रधानमंत्रियों में नेहरू-गांधी परिवार के ही सदस्य शामिल हैं। सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (Jawahar lal Nehra) ने 1958-59 का आम बजट पेश किया था। इसके बाद इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) बजट पेश करने वाली देश की दूसरी प्रधानमंत्री बनी थीं। उन्होंने वित्त वर्ष 1970-71 का बजट पेश किया। इनके अलावा राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) का नाम भी बजट पेश करने वाले प्रधानमंत्रियों की सूची में शामिल हैं।
इस वजह से संभाला वित्त मंत्रालय का कार्यभार
जवाहर लाल नेहरू ने प्रधानमंत्री रहते हुए 13 फरवरी 1958 को वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। ऐसा उन्हें इस वजह से करना पड़ा क्योंकि तत्कालीन वित्त मंत्री टीटी कृष्णाचारी के इस्तीफा दे दिया था। वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद 1958-59 का उन्होंने आम बजट पेश किया था।
Advertisement
इसके बाद इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए वित्त वर्ष 1970-71 का आम बजट पेश किया था। उन्होंने वित्त मंत्री मोरारजी देसाई के कैबिनेट से इस्तीफे के बाद इस पद को संभाला था। इसके साथ ही इंदिरा गांधी बजट पेश करने वाली पहली महिला भी बनी थीं।
बात राजीव गांधी की करें तो उन्होंने् वित्त वर्ष 1987-88 का आम बजट पेश किया था। दरअसल, तत्कालीन वित्त मंत्री वीपी सिंह सरकार से बाहर हो गए थे। इसके बाद राजीव गांधी ने भी वित्त मंत्री का पदभार संभाला और पीएम रहते हुए उन्होंने वित्त वर्ष 1987-88 का आम बजट पेश किया था।
Advertisement
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 22 July 2024 at 16:09 IST