'ये कैसा रिलॉन्च है, सोनिया ने एक किताब लिखी है, जिसमें उन्होंने संजय को विलेन और राजीव गांधी को हीरो दिखाया है...', निशिकांत दुबे ने उठाए सवाल
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर हमला बोलते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने एक किताब लिखी है, जिसमें उन्होंने संजय गांधी को विलेन और राजीव गांधी को हीरो के रूप में पेश किया है।
- भारत
- 4 min read

Nishikant Dubey on Sonia Gandhi's Book: कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' मंगलवार को लॉन्च हो गई है। सोनिया गांधी की आत्मकथा लॉन्च होते अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) उनकी किताब को लेकर हमलावर हो गई है।
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर तीखा हमला किया है। झारखंड के देवघर में मीडिया से बात करते हुए दुबे ने कहा कि उन्होंने संजय गांधी को विलेन और राजीव गांधी को हीरो के रूप में पेश किया है। जब कार सेवकों पर गोलियां चलाई गईं, तब सोनिया गांधी की आंखों में आंसू नहीं आए। लेकिन जब बाबरी मस्जिद को गिराया गया, तो उनकी आंखों में आंसू आ गए।
सोनिया ने संजय को विलेन और राजीव गांधी को हीरो बनाया
निशिकांत दुबे ने 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' किताब के बारे में जिक्र करते हुए सोनिया गांधी पर आरोप लगाया कि "यह किस तरह का री-लॉन्च है? सोनिया गांधी ने एक किताब लिखी है, जिसमें उन्होंने संजय गांधी को विलेन और राजीव गांधी को हीरो के रूप में पेश किया है। इन दावों का जवाब देने के लिए न तो संजय गांधी, न इंदिरा गांधी और न ही राजीव गांधी जीवित हैं। आखिर यह कौन तय करेगा कि उन्होंने जो कहा है, वह सही है या गलत?"
कार सेवकों पर गोलियां चली, तब उनकी आंखों में आंसू नहीं आए
आगे उन्होंने कहा "अगर वह इमरजेंसी के इतने ही खिलाफ थीं, तो इंदिरा गांधी ने 1980 के चुनावों में संजय गांधी को क्यों उतारा? उनकी जगह राजीव गांधी को क्यों नहीं उतारा गया? दूसरी बात, 1989 में चुनावों से ठीक पहले राजीव गांधी ने राम जन्मभूमि मंदिर की आधारशिला रखी थी। जब कार सेवकों पर गोलियां चलाई गईं, तब सोनिया गांधी की आंखों में आंसू नहीं आए। लेकिन जब बाबरी मस्जिद को गिराया गया, तो उनकी आंखों में आंसू आ गए।"
Advertisement
किताब सिर्फ अपनी तारीफ करने के लिए
निशिकांत दुबे ने मेनका गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि "मुझे लगता है कि वह भारत की सभ्यता और संस्कृति को ठीक से नहीं समझती हैं, जिसमें संयुक्त परिवार के मूल्य, बड़ों की भूमिका, छोटों की भूमिका और सास की भूमिका शामिल है।
जब मेनका गांधी को परिवार के घर से बाहर निकाला जा रहा था, तब क्या सोनिया गांधी को बुरा नहीं लगा? मुझे लगता है कि यह किताब सिर्फ अपनी तारीफ करने के लिए है, जिसमें वह खुद को बहुत अच्छा दिखाती हैं और बाकी पूरी दुनिया को बुरा बताती हैं। मेरा मानना है कि यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ है।"