Today Weather: दिल्लीवालों हो जाओ तैयार, तपाने आ रही है गर्मी; यूपी से बिहार तक बदलेगा मौसम, IMD का अलर्ट
Today Weather Update 8th March 2025: भारत में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जिसके चलते कई राज्यों में तापमान अचानक बढ़ने लगा है।

Today's Weather Update: पूरे भारत में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। जहां कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो रही है वहीं कई क्षेत्र ऐसे भी हैं जहां तेज हवाएं चल रही हैं। हालांकि अब इन तेज हवाओं पर ब्रेक लगने वाला है। जैसे-जैसे पहाड़ों में मौसम बदल रहा है वैसे-वैसे उत्तर भारत में गर्माहट बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार सर्द हवाओं के अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। इसके बाद दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक लोगों को गर्मी तपाने वाली है। ऐसे में आइए जानते हैं कि मौसम विभाग के अनुसार किस राज्य का मौसम आज कैसा रहने वाला है।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में हवा की रफ्तार पर ब्रेक लगने वाला है। कुछ ही दिनों में यहां ठंडी हवाओं की जगह गर्म हवा ले लेगी। यानी कि मार्च के बीच में ही दिल्लीवालों को गर्मी परेशान करने लग सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च से पश्चिम विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव होगा। 10 से 12 मार्च तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। बिहार में 8 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। सिक्किम में 7 और 8 मार्च को आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
यूपी-बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश में अब भी ठंड का हल्का अहसास कायम है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश हो रही है। यही वजह है कि दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक के मौसम में लोगों को ठंडी हवाएं महसूस हो सकती हैं। इतना ही नहीं बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। साथ ही यहां धूप निकलने और गर्मी का अहसास होने की भी संभावना है।
बर्फबारी और बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर के राज्यों मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मणिपुर और त्रिपुरा में अभी भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। वहीं, असम-मेघालय के कई हिस्सों, मणिपुर, नाागलैंड, मिजोरम और त्रिपुरा समेत उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में जमकर बारिश हुई है और आगे भी बारिश का ये दौर जारी रह सकता है।