अपडेटेड 20 June 2024 at 09:48 IST
Weather Update: तपती गर्मी से राहत मिलने के आसार, UP-दिल्ली में छाए बादल; बारिश की उम्मीद
Weather Update: देश के कई राज्यों में पड़ रही भयंकर गर्मी के बीच मौसम विभाग ने नया वेदर अपडेट जारी किया है।

Weather Update: दक्षिण भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। हालांकि उत्तर भारत में गर्मी के प्रचंड प्रकोप से लोग बेहद परेशान हैं। कई राज्यों में जहां लू की स्थिति बनी हुई है वहीं भीषण गर्मी से कई लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ रही है। ऐसे में मौसम विभाग का हालिया वेदर अपडेट थोड़ी राहत लेकर आया है।
दिल्ली में बारिश!
बुधवार रात दिल्लीवालों के लिए कुछ राहतभरी साबित हुई। रात के समय अचानक आंधी चलने के साथ-साथ छिटपुट बारिश भी हुई, जिस कारण पारे में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, गुरुवार को भी दिल्ली में आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है। मानसून की बात करें तो 27 जून तक दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है। लिहाजा दिल्ली में रहने वालों को अभी मानसून के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
यहां भी हो सकती है बारिश
भारतीय मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश में मानसून आज यानी गुरुवार, 20 जून को दस्तक दे सकता है। हालांकि यहां कुछ इलाकों में गर्मी का दौर भी बने रहने की संभावना है। ऐसे में यूपी में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक राहत मिलने वाली है। वहीं, बिहार में 22 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। फिलहाल बिहार में लोगों को गर्मी से राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है।
इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल
स्काईमेट वेदर के अनुसार असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, दक्षिण ओडिशा, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में भी हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है।
Advertisement
वहीं, उत्तराखंड, रायलसीमा, बिहार, पंजाब, हरियाणा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, लक्षद्वीप और मध्य प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 20 June 2024 at 07:21 IST