Today Weather: मौसम ने बदली करवट, दिल्ली में बारिश तो यूपी में बरस रही आग; जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम
Today Weather Update 17th May 2025: उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी तो कई में बारिश का कहर जारी है।

Today's Weather Update: शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह और दोपहर की तेज धूप और धूल भरी हवा के बीच शुक्रवार शाम को मौसम अचानक से बदल गया, जिसके बाद यहां झमाझम बारिश हुई। हालांकि बीते दो दिनों से दिल्ली में धूल वाली दम घोटूं हवा चल रही है। लेकिन बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट आई है। वहीं, उत्तर प्रदेश समेत राजस्थान में भीषण गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल है। इन राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार हो चुका है। फिलहाल मौसम विभाग की तरफ से इन राज्यों में राहत की कोई खबर नहीं है। आइए जानते हैं दिल्ली समेत अन्य राज्यों का हाल आज कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में बारिश
गुरुवार को दिल्ली में धूल भरी हवा चलने के बाद शुक्रवार शाम को मौसम ने अचनाक करवट बदली और यहां बारिश का सिलसिला जारी हो गया। अचानक हुई बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई वहीं लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। आज की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार शनिवार शाम को भी दिल्ली में आंधी के साथ-साथ बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि दोपहर तक दिल्ली में भीषण गर्मी का मौसम रहेगा।
इन राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती हैं। वहीं, असम और मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। जिसके कारण यहां बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। अगर बात करें हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, अंडमान व निकोबार द्वीप, तेलंगाना, विदर्भ, आंध्र प्रदेश और दक्षिण कर्नाटक और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों की तो इन राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम या भारी बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों का हाल
आईएमडी के अनुसार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब में आने वाले 3-4 दिनों तक हीट वेव की स्थिति पैदा हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी गर्मी की लहर का अनुमान है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में भी गर्मी का कहर देखने को मिल सकता है।