Today Weather: दिल्ली में बढ़ रहा पारा, फरवरी में ही सताने लगी गर्मी; इन राज्यों में होगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
Today Weather Update 17th February 2025: उत्तर भारत के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। जिसके चलते यहां कई राज्यों का पारा बढ़ रहा है।

Today's Weather Update: पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप अब धीरे-धीरे हल्का पड़ता जा रहा है। जिसके कारण यहां कई राज्यों में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक जहां दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार आदि राज्यों में पारा तेज रफ्तार से बढ़ रहा है वहीं, कुछ राज्य ऐसे भी हैं जहां बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं कि मौसम विभाग के अनुसार किस राज्य का मौसम कैसा रहने वाला है।
दिल्ली का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की ठंडी हवाओं के साथ-साथ सूरज की तपिश भी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि अब यहां तेजी से तापमान बढ़ रहा है। जिसके चलते ठंड का असर लोगों में कम देखने को मिल रहा है। वहीं पहाड़ों से आने वाली हवा अब धीमी हो चुकी है। इसके अलावा दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब आ पहुंचा है। जिसके अभी और बढ़ने की संभावना है।
यहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के साथ-साथ पश्चिमी बंगाल के दार्जिलिंग, मणिपुर, मिजोरम, असम, नागालैंड, और मेघालय में अगले सात दिनों तक बारिश होने का अनुमान है। बारिश की वजह से यहां का मौसम सर्द हो सकता है साथ ही शीतलहर चलने की भी संभावना है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही राजस्थान के कई इलाकों में 17 से 19 फरवरी के बीच, उत्तराखंड में 19 और 20 फरवरी को और हिमाचल प्रदेश में 17 से 21 फरवरी तक बारिश की संभावना है। ऐसे में यहां रहने वाले लोगों को अधिक सावधान हो जाना चाहिए।
पहाड़ों में बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के कई इलाकों में आज बारिश के साथ-साथ भारी बर्फबारी की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भी बारिश और हिमपात की संभावना है। इसके अलावा कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बारिश और भारी बर्फबारी एक साथ देखने को मिल सकता है। यहां लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले वेदर अपडेट के बारे में जान लेना चाहिए।