Independence Day का जश्न फीका न कर दे बारिश! जानिए कैसा रहेगा आज दिल्ली से UP-बिहार तक का मौसम
Weather Update on Independence Day: आज देश 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। आइए जानते हैं कि आज देशभर के राज्यों का मौसम कैसा रहने वाला है।

Weather Update: आज हर भारतीय देशभक्ति के रंग में डूबा है। देश अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। आजादी के इस दिन का जश्न दिल्ली से लेकर यूप-बिहार तक देश के हर राज्य में मनाया जा रहा है। हालांकि मानसून के कारण आज इस खास दिन पर बारिश का संकट मंडरा रहा है। आइए जानते हैं कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश की राजधानी दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों के लिए क्या नया वेदर अपडेट जारी किया है।
दिल्ली में बारिश
बुधवार को दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। वहीं, मौसम विभाग ने आज से 16 और 17 अगस्त तक दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 अगस्त के दिन दिल्ली-एनसीआर में छिटपुट बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं बारिश होने के चलते दिल्लीवालों को भी उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
यूपी-बिहार में बारिश
वहीं, आज यानी 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में जमकर बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसलिए बहुत ज्यादा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। वहीं, कुछ इलाके ऐसे भी रहेंगे जहां हल्की धूप के साथ आसमान में काले बादल छाए रहेंगे।
यहां भी होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार, आज पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड में भी भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, दार्जिलिंग में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।